Header Ads Widget

नेपाली युवक को ट्रैक्टर चोर बता पीटकर की हत्या


 

मधुबनी  -  लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट

लदनियां थाना क्षेत्र के पद्मा गांव में शुक्रवार की रात एक नेपाली युवक को लोगों ने लाठी दंडे से पीटकर मार दिया। उनकी हत्या ट्रैक्टर चोर कहकर की गई। लोगों ने बेहोश कर  कुंदन मिश्रा के घर में बंद कर दिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने नेपाली युवक को बेहोशी की हालत में कब्जे में लिया। पुलिस इलाज के लिए उसे पीएचसी ले जा रही थी, इसी बीच उसकी मौत हो गई। चिकित्सक ने इसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। चौकीदार आलम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें दर्जनों को आरोपित किया गया है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि श्री मिश्र के दरवाजे पर रखे ट्रैक्टर की चोरी का प्रयास शुक्रवार की रात कुछ लोगों ने किया। स्टार्ट होने की आवाज पर लोगों की नींद टूटी। देखा कि कुछ लोग ट्रैक्टर को भगा ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों ने इन्हें खदेड़ा, जिसमें एक युवक को लोगों ने दबोच लिया। अन्य भागने में सफल रहे। ट्रैक्टर मालिक व अन्य ग्रामीणों के द्वारा उक्त आरोपित को बेरहमी से पीटा गया।  थाना पुलिस ने शनिवार की सुबह त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना स्थल पर पहुंचकर भीड़ से युवक को अपने नियंत्रण में लिया। बेहोशी की स्थिति में इलाज के लिए उसे पीएचसी भेजा, इसक्रम में उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मृतक के नेपाल स्थित सिरहा जिले के हकपारा गांव भेजवायी गई। सूचना पाते ही मृतक के परिजन थाना पहुंचे। जानकारी मिली कि मृतक का नाम  सिकंदर यादव उर्फ सिकिन है। जो नेपाल में जेसीबी चलाता था। शव को पोस्टमार्टम हेतु मधुबनी भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि इस हत्या में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर इस घटना के बाद सीमा पर रातदिन ड्यूटी में लगे एस एसबी जवानों पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों के अनुसार वैश्विक महामारी कोरोना को लेकर लॉकडाउन के बीच  सीमा सील है। पहरा सख्त बताया जाता है। आम आदमी दिन के उजाले में नेपाल नहीं जा पाते हैं, तो नेपाल से रात के अंधेरे में भी सीमापार कैसे आते जाते हैं। कौन आने देता है इन्हें। सवाल को जवाब की प्रतीक्षा है।