- पंचायतों में आयोजित सभा के दौरान टीकाकरण के साथ टेलीमेडिसीन सेवा का हुआ संचालन
- अभियान की सफलता में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने निभाई सक्रिय भागीदारी
अररिया, 22 फरवरी ।
Son of Simanchal,Gyan Mishra
जिले के अमूमन सभी पंचायतों में मंगलवार को आम सभा का आयोजन किया गया। शत-प्रतिशत लोगों के टीकाकरण लक्ष्य की प्राप्ति व टेलीमेडिसीन सेवाओं के प्रति पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधि व आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित आम सभा कई मायनों में बेहद सफल रही।
अभी नहीं टला है संक्रमण का खतरा :
अररिया प्रखंड अंतर्गत कमलदाहा पंचायत में आयोजित सभा में मुखिया नुजहत प्रवीण ने कहा कि महामारी का खतरा फिलहाल कम हुआ है। पूरी तरह से टला नहीं है। इससे बचाव का टीका ही एक जरिया है। जितने अधिक लोग टीकाकृत होंगे संक्रमण का खतरा उतना कम होगा।
टीकाकरण व टेलीमेडिसीन सेवाओं का हुआ सफल संचालन :
अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए डीआईओ डॉ मो मोईज ने कहा कि विशेष अभियान के तहत जिले के 202 पंचायतों में आम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कोरोना टीकाकरण के साथ-साथ टेलीमेडिसीन सेवाओं का संचालन साथ-साथ किया गया। टेलीमेडिसीन सेवाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर 34 हब व 433 स्पॉक सक्रिय थे। हब के रूप में विशेषज्ञ चिकित्सक व स्पॉक के रूप में प्रशिक्षित एएनएम व जीएनएम ने अपनी भागीदारी निभाई। इस क्रम में 313 लोगों को टेली कंस्लटेंशन की सुविधा उपलब्ध करायी गयी।
स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिये टेलीमेडिसीन सेवा महत्वपूर्ण :
संचालित अभियान का निरीक्षण कर लौटे सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह ने कहा कि अररिया, कुर्साकांटा, सिकटी प्रखंड के कई पंचायतों में आयोजित आम सभा का निरीक्षण बेहद संतोषजनक रहा। उन्होंने अभियान की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि टीकाकरण के प्रति लोगों के मन में व्याप्त संदेह दूर हुआ है। बड़ी संख्या में लोगों का टीकाकरण हो चुका है। शेष बचे लोग भी समझाने पर टीका लेने के लिये आगे आ रहे हैं।
उन्होंने टेलीमेडिसीन सेवाओं को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिये इन सेवाओं का बेहतर संचालन जरूरी है। टेलीमेडिसीन सेवाएं राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शुमार है। स्थानीय स्तर पर लोगों को इसके प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।