इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर हाट स्थित कृषि भवन के पास एक बाइक पर सवार हो कर आये दो अज्ञात अपराधियों ने इस्माइलपुर के पुलकिया निवासी देशबंधु यादव उर्फ बुलबुल यादव उर्फ बुल्ला यादव को गोली मार कर घायल कर दिया है. अपराधियों की दो गोली बुलबुल को लगी है. एक गोली छाती के पास और दूसरी गोली पेट में लगी है. घटना के तुरंत बाद बुलबुल को इलाज के लिए भागलपुर के जहावरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर बाद तक बुलबुल यादव की स्थिति सामान्य थी. चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया है. जानकारी मिली है कि बुलबुल यादव सुबह मार्निंग वाक करने हाट की तरफ आया था.
इसी दौड़ान एक अपाचे बाइक पर सवार हो कर दो अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया. दोनों में से एक अपराधी ने एक के बाद एक गोली चलायी जो बुलबुल यादव के पेट और सीने के पास जा लगी. घटना स्थल पर कई लोग मौजूद थे इस कारण अपराधी वहां से भाग गये. घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है. पुलिस स्तर से जानकारी दी गयी है कि दो जनवरी को देर शाम नवगछिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए तुलसीपुर निवासी बाले यादव हत्याकांड में बुलबुल यादव नामजद आरोपी है. जानकारी मिली है कि बुलबुल यादव अपने पिता के जविप्र दुकान का काम काज संभालता था. हत्याकांड में आरोपी होने के बावजूद वह इस्माइलपुर में ही रह रहा था. इस्माइलपुर के थानाध्यक्ष मणि पासवान ने कहा कि आपसी रंजिश में घटना घटी है. पुलिस संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. परिजनों या घायल के बयान का भी पुलिस को इंतजार है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.


0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.