बिहार की 96.32 प्रतिशत से अधिक पंचायतों में हुआ विशेष ग्राम सभा का आयोजन



श्री नवीन कुमार सिंह, निदेशक


  • बिहार की 96.32 प्रतिशत से अधिक पंचायतों में हुआ विशेष ग्राम सभा का आयोजन (शाम 7 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार)
  • गांधी जयंती पर पंचायतों में चलाया गया नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
  • शाम 7 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, विशेष ग्राम सभाओं में 10 लाख 45 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया है, जिसमें 4 लाख 2 हजार से अधिक महिलाएं और 6 लाख 42 हजार से अधिक पुरुष शामिल रहे

पटना, 2 अक्टूबर 2026

देशभर की पंचायतों में गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में बिहार ने शानदार प्रदर्शन किया है। पंचायत निर्णय पोर्टल पर जारी रिपोर्ट के अनुसार, शाम 7 बजे तक बिहार की 96.32 प्रतिशत पंचायतों ने सफलतापूर्वक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया है।


डॉ. आदित्य प्रकाश, अपर सचिव


पीपुल्स प्लान कैंपेन (पीपीसी) 2026-27 ‘सबकी योजना, सबका विकास’ के तहत आयोजित इस विशेष ग्राम सभा में नशामुक्त बिहार, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। सभाओं में स्थानीय आवश्यकताओं की पहचान की गई, जिसके आधार पर पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार की जाएगी। इस दौरान सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कचरे को स्रोत पर चार श्रेणियों में अलग करने, स्वच्छता सर्वेक्षण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण और नशामुक्त बिहार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्राम सभाओं में जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों ने “नशा नहीं करेंगे और नशे से दूर रहेंगे” की सामूहिक शपथ ली।





आज शाम 7 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में 10 लाख 45 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया है, जिसमें 4 लाख 2 हजार से अधिक महिलाएं और 6 लाख 42 हजार से अधिक पुरुष शामिल रहे।





इससे पहले 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ थीम पर सभी पंचायतों में श्रमदान के माध्यम से विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया था। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के पीछे पंचायती राज विभाग का सघन अभियान, जीविका दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय रहा है।

बिहार की पंचायतों ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि सही नेतृत्व और जन-भागीदारी से बड़े बदलावों की ओर कदम बढ़ाया जा सकता है।





इस अवसर पर विभाग के निदेशक श्री नवीन कुमार सिंह ने सहरसा, अपर सचिव डॉ. आदित्य प्रकाश ने पूर्णिया, अपर सचिव मो. वसीम अहमद ने पटना, विशेष सचिव श्री नज़र हुसैन ने वैशाली, वहीं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने राज्य के अन्य जिलों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में सहभागिता की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ