27 अगस्त 2026 | पटना
माननीय महापौर श्रीमती सीता साहू एव नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा के निर्देश पर पटना नगर निगम द्वारा निगम मुख्यालय में सभी कर्मियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य निगम कर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें समय रहते आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना था।
शिविर के दौरान कर्मियों की विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं। इनमें सीबीसी, लिपिड प्रोफाइल, लिवर फंक्शन टेस्ट, HbA1c, ESR, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर एवं थायरॉइड सहित अन्य जांच शामिल थीं। चिकित्सकों द्वारा कर्मियों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी सावधानियों एवं जीवनशैली से संबंधित सुझाव भी दिए गए।
जिन कर्मियों को चिकित्सकीय आवश्यकता थी, उन्हें शिविर में ही आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। आवश्यकता के अनुसार ऑफ्लॉक्सासिन, ORS सहित अन्य दवाओं का वितरण किया गया, ताकि कर्मियों को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा मौके पर ही मिल सके। मुख्यालय के लगभग 100 कर्मियों ने शिविर का लाभ उठाया।
शिविर का आयोजन मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट (एमएसयू) के वरिष्ठ पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डा. रणजीत कुमार की निगरानी में किया गया। इस दौरान एमएसयू के
माइक्रोबायोलॉजिस्ट डा. सुभाष कुमार मिश्रा, डा.प्रेयसी सिंह एवं जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से डॉ. रुचिका कुमारी, डॉ. नाजिया तबस्सुम एवं डॉ. दीप प्रभा द्वारा कर्मियों की स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। वहीं अमरेंद्र कुमार एवं अमित कुमार, लैब टेक्नीशियन, द्वारा विभिन्न पैथोलॉजिकल जांचों में सहयोग किया गया।
पटना नगर निगम द्वारा कर्मियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। निगम का प्रयास है कि कर्मियों को कार्यस्थल पर ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के माध्यम से संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान एवं उचित परामर्श सुनिश्चित किया जा सके।



0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.