डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उद्यान प्रमंडल एवं भवन निर्माण विभाग के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।



पटना : बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में उद्यान प्रमंडल एवं भवन निर्माण विभाग के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधान सभा परिसर के विकास, सौंदर्यीकरण, अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार और निर्माणाधीन परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

बैठक के प्रारंभ में बिहार विधान सभा प्रांगण में निर्माणाधीन संग्रहालय (म्यूजियम) के निर्माण कार्यों की प्रगति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान केंद्र सरकार की अनुमति से संबंधित प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा हुई। माननीय अध्यक्ष ने वास्तु विशेषज्ञता एवं तकनीकी परामर्श के दायरे को और अधिक व्यापक बनाने के उद्देश्य से एन.आई.टी. (NIT) के साथ-साथ आई.आई.टी. (IIT) के विशेषज्ञों को भी सम्मिलित करने का सुझाव दिया, ताकि निर्माण कार्य में उच्च स्तर की उत्कृष्टता और सुचिता सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्राथमिकता के आधार पर विधान सभा के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक अत्याधुनिक स्वागत कक्ष (रिसेप्शन) के निर्माण हेतु त्वरित गति से कार्य करने के निर्देश दिए गए। विधान सभा में प्रस्तावित मुद्रणालय के निर्माण के संदर्भ में 3,000 वर्ग फीट क्षेत्र में लगभग 30 फीट ऊंचे भवन के निर्माण हेतु आवश्यक नक्शा तैयार करने और इसके अनुमोदन से संबंधित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

परिसर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए माननीय अध्यक्ष ने कार पार्किंग स्थल के चारों तरफ साफ-सफाई एवं गार्डेनिंग को सुदृढ़ करने को कहा। मुख्य रूप से मौसमी पुष्पों की सुसज्जित वाटिका विकसित करने के तहत परिसर में विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूलों वाले पौधों का रोपण और उनके नियमित रख-रखाव के लिए उचित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, विधान सभा परिसर में स्थित विभिन्न पार्कों में नियमित रूप से ग्रास-कटिंग (घास की कटाई) एवं समुचित साफ-सफाई करने के निर्देश भी प्रदान किए गए। पार्कों की सुरक्षा और सुंदरता को बढ़ाते हुए सभी पार्कों के आयरन फेंसिंग के अंदर की तरफ उच्च गुणवत्ता वाले हेज (झाड़ियों की बाड़) के निर्माण पर भी चर्चा हुई। साथ ही, विधान सभा के उपभवन नाले और उसके जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया गया।

बैठक के अंत में, पूर्व की बैठक में माननीय अध्यक्ष महोदय के समक्ष प्रदर्शित उस पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (पी.पी.टी.) के अनुपालन की भी समीक्षा की गई, जिसमें बिहार विधान सभा परिसर में विभिन्न प्रकार के शो-प्लांट्स को सुसज्जित करने का प्रस्ताव था।

इस बैठक में भवन निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता श्री ब्रजेश कुमार सहित बिहार विधान सभा सचिवालय , उद्यान प्रमंडल एवं भवन निर्माण विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ