Header Ads Widget

मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के तीसरे चरण में खगड़िया जिले को 430 करोड़ रुपये की दी सौगात, 224 विकासात्मक योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास




पटना, 16 जनवरी 2025 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज खगड़िया जिले से प्रगति यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने खगड़िया जिले को 430 करोड़ रुपये की 224 विकासात्मक योजनाओं की सौगात दी। इनमें 89 योजनाओं का उद्घाटन एवं 135 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।




प्रगति यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने खगड़िया जिला अंतर्गत गोगरी प्रखंड के महेशखूंट में पशु आहार कारखाना का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने पशु आहार कारखाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि 43 करोड़ रुपये की लागत से इस पशु आहार कारखाना का निर्माण कराया गया है, जिसकी उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 300 मीट्रिक टन है। इस पशु आहार कारखाना से आस-पास के 5 लाख से अधिक पशुपालक लाभान्वित होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि काफी अच्छे ढंग से इस पशु आहार कारखाना का निर्माण हुआ है और आज इसकी शुरुआत भी कर दी गई है। पशु पालकों को अब पशु चारा आसानी से उपलब्ध होगा। पशु आहार मिलने से दुधारू पशुओं के दूध में वृद्धि होगी, जिसका फायदा सीधे किसान पशुपालकों को मिलेगा। आज इस पशु आहार कारखाने का शुभारंभ करने से मुझे बेहद खुशी हो रही है। मुख्यमंत्री ने पशु आहार कारखाना प्रांगण में खगड़िया जिले अंतर्गत विभिन्न विभागों से संबंधित विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।




मुख्यमंत्री ने महेशखूंट पंचायत के वार्ड संख्या-12 का भ्रमण कर जल-जीवन-हरियाली योजना, हर घर नल जल योजना, मुख्यमंत्री स्ट्रीट लाइट योजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए विकासात्मक कार्यों एवं उपलब्ध कराई गई बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं से भी अवगत हुए। महेशखूंट पंचायत के वार्ड संख्या-12 में जीविका दीदियों एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति उद्यमी योजना का सांकेतिक चेक, अभियान बसेरा अंतर्गत सरकारी भूमि की बंदोबस्ती का प्रमाणपत्र, राज्य संपोषित मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजाना की चाबी, देशी गौ-पालन प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक, समेकित मुर्गी विकास योजना अंतर्गत लेयर मुर्गी पालन पर अनुदान की योजना का स्वीकृति पत्र एवं सांकेतिक चेक, समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना का सांकेतिक चेक, तालाब मत्स्य विशेष सहायता योजना हेतु अनुदान का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री समेकित चौर विकास योजना का सांकेतिक चेक, फिश कियोस निर्माण हेतु अनुदान का सांकेतिक चेक, लघु फिश फीड मिल अभिस्थान हेतु अनुदान का सांकेतिक चेक, मोबाइल फिश कियोस की चाबी, साइकिल-सह-आइस बॉक्स की चाबी, पौधा संरक्षण संभाग अंतर्गत कृषि क्लीनिक स्थापना हेतु अनुदान का सांकेतिक चेक, कस्टम हायरिंग सेंटर की चाबी, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान का सांकेतिक चेक, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति योजना का सांकेतिक चेक, दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल की चाबी, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक, बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिलपकार सामाजिक सुरक्षा (संशोधन) योजना अंतर्गत (मुत्यु लाभ) का सांकेतिक चेक, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना (संशोधित)-2023 (मृत्यु लाभ) का सांकेतिक चेक, खगड़िया जिला अंतर्गत कुल 459 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 11 करोड़ 56 लाख 70 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, सतत् जीवकोपार्जन योजना अंतर्गत ई-रिक्शा की चाबी, जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत निर्मित जलाशय को मत्स्य पालन हेतु प्रभात जीविका महिला ग्राम संगठन को हस्तांतरित करने का प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री ने लाभुकों को प्रदान किया।




जीविका दीदियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी जीविका दीदियां बहुत अच्छा काम कर रही हैं। हमलोगों ने वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ानी शुरू की, जिसका परिणाम है कि आज बिहार में 1 करोड़ 31 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर जीविका दीदियों के रूप में काफी अच्छा काम कर रही है। हमलोगों ने अब शहरी क्षेत्रों में भी स्वयं सहायता समूहों का गठन कराना प्रारंभ किया है। अब तक शहरी इलाके में 26 हजार से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों का गठन हो चुका है, जिनसे 3 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ चुकी हैं। हम जहां भी जाते हैं जीविका दीदियों से अवश्य मिलते हैं। उनसे बातचीत कर जो समस्याएं या जरूरतें होती है उसको सरकार की तरफ से पूरा किया जाता है। इस दौरान हमारे साथ अधिकारीगण भी उपस्थित रहते हैं। बिहार में निरंतर स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ रही है। जहां भी जीविका दीदियां जाती हैं उन्हें काफी इज्जत मिलती है। महिलाओं की न सिर्फ समाज में प्रतिष्ठा बढ़ी है बल्कि परिवार में भी उनका आदर मान होने लगा है। हमने ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को जीविका नाम दिया। जिससे प्रेरित होकर तत्कालीन केंद्र सरकार ने इसका नाम आजीविका किया। इसे भूलियेगा मत। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के आगमन पर स्वागत गान किया। स्कूली छात्राओं ने बालिकाओं के उत्थान एवं शिक्षा के प्रति लड़कियों को प्रोत्साहित करने हेतु संचालित की जा रही योजनाओं के प्रति मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत महेशखूंट में जीविका भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया।




इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने अलौली प्रखण्ड में बागमती नदी पर गढ़ घाट में उच्चस्तरीय आर०सी०सी० पुल के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस आर०सी०सी० पुल की लंबाई 400 मीटर होगी और इसकी अनुमानित लागत 95 करोड़ रूपये होगी। बाढ़ के दिनों में जलस्तर बढ़ने के बाद सम्पूर्ण पंचायत क्षेत्र जलमग्न हो जाता है, जिसके कारण यह क्षेत्र अपने जिला मुख्यालय एवं प्रखण्ड मुख्यालय से पूर्णतः कट जाता है। कृषि कार्य के लिये ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण नाव का सहारा लेना पड़ता है। इस पुल के निर्माण से इस क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ होगा। खगड़िया जिलान्तर्गत राजेन्द्र चौक, खगड़िया से बखरी बस स्टैण्ड होते हुये रेलवे क्रासिंग तक प्रस्तावित पथ के निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। यह फोर लेन 1.5 किलोमीटर लंबी होगी। इसकी लागत लगभग 16 करोड़ रूपये होगी। खगड़िया परिहारा बखरी लिंक पथ के खगड़िया रेलवे स्टेशन से उमेश नगर रेलवे स्टेशन तक सड़क ऊपरी पुल (आर०ओ०बी०) का निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया। इस आर०ओ०बी० की लंबाई 1300 मीटर है।




इसके पश्चात् नगर परिषद् खगड़िया अंतर्गत नगर सुरक्षा बांध पर सड़क एवं ए०एफ०एस० (एन्टी फ्लड स्लूइस) के प्रस्तावित निर्माण का भी स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस सड़क एवं एन्टी फ्लड स्लूइस के प्रस्तावित निर्माण

पर आधारित लघु फिल्म भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शित की गई। प्रस्तावित निर्माण के तहत खगड़िया शहर सुरक्षा तटबंध का उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं कालीकरण किया जाना है। इसके साथ ही फ्लड स्लूइस गेट का निर्माण किया जाएगा।




कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, सूचना व जनसंपर्क मंत्री सह खगड़िया जिले के प्रभारी मंत्री श्री महेश्वर हजारी, ग्रामीण कार्य मंत्री श्री अशोक चौधरी, विधायक डॉ० संजीव कुमार, विधान पार्षद श्री राजीव कुमार, पूर्व विधायक श्रीमती पूनम देवी यादव, पूर्व विधायक मोहम्मद जफर आलम, जिला परिषद् अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा कुमारी यादव, जदयू जिलाध्यक्ष श्री बब्लू मंडल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शत्रुघ्न भगत समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव श्री अमृत लाल मीणा, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ० एन० विजयालक्ष्मी, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त श्री संजय कुमार सिंह, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री आशीष भारती, खगड़िया के जिलाधिकारी श्री अमित कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

घोषणायें-

खगडिया जिले में सब तरह के काम करा दिये हैं कुछ नये काम और कराये जायेंगे-

1. अलौली प्रखंड में गढ़घाट रामपुर अलौली में बागमती नदी पर पुल का निर्माण किया जायेगा। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।

2. नगर परिषद, खगडिया अर्न्तगत नगर सुरक्षा बांध पर सड़क एवं एंटी फ्लड सूलिस गेट का निर्माया किया जायेगा। इससे बाढ़ के दौरान शहर का बचाव होगा एवं लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।

अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं

3. खगड़िया जिला अन्तर्गत एन०एच०-31 से खगड़िया बाईपास तक बुढ़ी गंडक नदी पर पुल एवं पहुँच पथ का निर्माण किया जायेगा। इससे यातायात परिचालन में सुविधा होगी।

4. महेशखूँट-गोगरी-परबत्ता-सुल्तानगंज घाट पथ में भगवान हाई स्कूल, गोगरी जमालपुर से जी०एन० बांध होते हुए फतेहपुर तक बाईपास का निर्माण किया जायेगा।

5. बेलदौर प्रखंड के इंगलिश गाँधी हाई स्कूल के मैदान में स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा।

6. खगड़िया के राजेन्द्र चौक से बखरी बस स्टैंड के निकट रेलवे क्रासिंग तक पथ का निर्माण किया जायेगा। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।

7. हमने निर्णय लिया है कि "खगड़िया में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल" का निर्माण कराया जायेगा। इससे यहाँ के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए. उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के लिए एक टीम को कल ही भेजा जा रहा है ताकि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना शीघ्र हो सके।

• इन सब कामों को करा दिया जायेगा और इसके अतिरिक्त खगड़िया जिले में और कोई भी जरूरत होगी, उसको भी कराया जायेगा।

. बिहार के हर क्षेत्र में काम हो रहा है, आगे और तेजी से काम होगा। इसके लिए आप सबको बधाई एवं धन्यवाद देता हूँ।