सासाराम | जिला संवाददाता
सूबे की पूर्व पर्यटन मंत्री सह नोखा विधायक अनिता चौधरी ने रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड अंतर्गत अमियावर स्थित अंबेडकर मोहल्ले में बाबा साहेब डॉ॰ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान रचयिता डॉ॰ भीमराव अंबेडकर भारतीय लोकतंत्र के महानायक के साथ साथ बड़े शिक्षाविद भी थे। उन्होंने ऐसे समय में संघर्ष किया जब हमारे देश में छुआछूत की प्रथा बहुत गहरी थी। उन्हें जनसाधारण की गहरी चिंता थी। जिसके चलते लोगों को समानता और वोट देने का अधिकार मिला।
विधायक ने कहा कि बाबा साहेब ने हमें शिक्षा का मूलमंत्र दिया था। उन्होंने आह्वान किया कि हमें इस मूलमंत्र को अपना कर शिक्षा ग्रहण करना चाहिए। इसलिए कि शिक्षा के बगैर ना तो हम अपने अधिकार को समझ सकते हैं। और ना ही अपने अधिकार के लिए संघर्ष कर सकते हैं। भाकपा माले लिबरेशन के जिला सचिव नंदकिशोर पासवान ने कहा कि आज शिक्षा को समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। इसलिए हमें शिक्षा के लिए संघर्ष करना होगा। दिल्ली दंगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के संरक्षण में खुले आम संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
समारोह की अध्यक्षता व संचालन लाल मोहर प्रसाद ने किया। मौके पर बीडीसी मुंशी प्रसाद, राजद प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा चौधरी, माले के प्रखंड सचिव मिथिलेश तिवारी, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष महेश चौधरी, राजद नेता अजय सिंह, पूर्व मुखिया सुनिल सिंह, पूर्व बीडीसी महेश चौधरी व मुजीब आलम, पूर्व सरपंच मदन किशोर सिन्हा, सोनी कुमारी केसरी, इंद्रेश्वर कुमार, अधिवक्ता बिरेंद्र कुमार, राकेश चौधरी, भैयाराम भारती, कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार रवि और वार्ड सदस्य अखिलेश राम इत्यादि उपस्थित थे।