👆 नवनिर्वाचित वार्ड संघ के प्रखंड अध्यक्ष अनिल यादव व अन्य
सासाराम | जिला संवाददाता
रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड अंतर्गत धनावं पंचायत के उपमुखिया अनिल कुमार यादव को वार्ड संघ का प्रखंड अध्यक्ष चुना गया है। यह निर्णय नगर स्थित शहीद भगत सिंह वाचनालय में हुई चुनावी बैठक के दौरान वार्ड सदस्यों ने लिया। इसी के साथ इटिम्हां पंचायत के अखिलेश राम को उपाध्यक्ष, डेहरी पंचायत की ममता देवी को सचिव और संतोष चौधरी को कोषाध्यक्ष चुना गया है। इसी के साथ सभी बारह पंचायतों से एक-एक वार्ड सदस्य को संघ का सदस्य चुना गया है।
इसके अलावा पड़ुरी पंचायत के उपमुखिया को संघ का संयोजक निर्वाचित किया गया। उक्त सभी पदों पर सर्वसम्मति से सभी को निर्विरोध चुना गया है। लोगों ने चुनाव संपन्न होने के बाद सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को फूल मालाएं पहना कर बधाइयां दीं। वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि बिना किसी भेदभाव के सभी वार्ड सदस्यों की समस्याओं के निदान हेतु एकजुट होकर संघ के माध्यम से संघर्ष किया जाएगा। मौके पर उपमुखिया राजकुमार, रविशंकर कुमार, सुनिल कुमार, नकुल पांडेय, देवंती देवी और चंद्रावति देवी इत्यादि उपस्थित थे।


0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.