Header Ads Widget

बिहार सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल। आमिर सुबहानी होंगे राज्य के नए मुख्य सचिव ।



न्यूज़ डेस्क। बिहार सरकार ने गुरुवार रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। 1987 बैच के आईएएस अधिकारी आमिर सुबहानी राज्य के नए मुख्य सचिव होंगे। वह त्रिपुरारी शरण की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल शुक्रवार को खत्म हो रहा है।

वहीं पटना रेंज के आइजी रहे संजय सिंह प्रोन्नति के बाद अब पुलिस मुख्यालय में एडीजी विधि-व्यवस्था की कमान संभालेंगे। भागलपुर की एसएसपी निताशा गुड़िया को बिहार पुलिस अकादमी का नया उप निदेशक बनाया गया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से हाल ही में लौटे शिवदीप वामनराव लांडे को कोसी क्षेत्र, सहरसा का नया डीआइजी बनाया गया है। 

तिरहुत रेंज के आइजी गणेश कुमार को तकनीकी सेवा एवं वितंतु का आइजी, राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी के उप निदेशक प्राणतोष कुमार दास को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो का आइजी, बेगूसराय के डीआइजी राजेश कुमार को मानवाधिकार डीआइजी, सहायक पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार को डीआइजी सुरक्षा विशेष शाखा और शाहाबाद क्षेत्र के डीआइजी पी कनन्न को विशेष निगरानी इकाई का नया डीआइजी बनाया गया है। वहीं गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा के डीआइजी जितेंद्र मिश्रा को प्रोन्नति के बाद इसी सेवा में आइजी बना दिया गया है।

समस्तीपुर के डीएम शशांक शुभंकर को नालंदा का डीएम बनाया गया है। दरभंगा डीएम त्यागराजन को गया का डीएम बनाया गया है। नालंदा के डीएम योगेंद्र सिंह को समस्तीपुर का नया डीएम बनाया गया है।
सहकारिता विभाग के संयुक्त सचिव आनंद शर्मा को सहरसा का डीएम बनाया गया है। ग्रामीण विकास के अपर सचिव राजीव रौशन को दरभंगा का डीएम बनाया गया है। सुपौल- सहरसा के डीएम कौशल कुमार को सुपौल का डीएम बनाया गया है।