सासाराम | जिला संवाददाता
रोहतास जिला अंतर्गत नासरीगंज शहर समेत पूरे प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने घरों के साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में शुभ मुहूर्त पर लक्ष्मी व गणेश की पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की और देर रात आतिशबाजी का लुत्फ उठाय। लोगों ने अपने घरों को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक तरीके से सजाया। वहीं शाम ढलने के बाद मिट्टी के दीयों से घरों को रौशन कर दिया। दीपावली पर्व पर घरों के साथ ही दुकानें रोशनी से जगमग नजर आई। लोगों ने मोबाइल पर एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दी। साथ ही महिलाओं के साथ घरों को सजाने और खरीदारी करने में जुटे रहे। खासकर मिठाई और पटाखों की दुकानों पर भारी भीड़ रही। महिलाओं ने घरों में कई तरह पकवान बनाए और आंगन में लाल-गुलाबी, सफेद रंगों से रंगोली सजाई। दीपावली पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के मुख्य मार्गो व बाजारों में पुलिस प्रशासन तैनात रही। घरों व प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी पूजन करने के पश्चात बच्चों के साथ ही नौजवानों बड़ो ने भी जमकर पटाखे छोड़ आतिशबाजी की। देर रात तक पटाखें की गूंज सुनाई देती रही। आसमान में आतिशबाजी का नजारा देखने काे मिला। दीपावली पर्व पर मोहल्ले के चौराहे पर लोगों ने रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाकर दीप जलाए।