हुनर सीखकर रोजगार से जुड़ी किशोरियों ने किया निगम का भ्रमण, प्रबंध निदेशक से किया Meet & Greet




  • हुनर सीखकर रोजगार से जुड़ी किशोरियों ने किया निगम का भ्रमण, प्रबंध निदेशक से किया Meet & Greet
  • मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजनान्तर्गत कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त किशोरियों से प्रबंध निदेशक ने लिया फीडबैक, बेहतर भविष्य के लिए किया मार्गदर्शन

पटना, 12 अगस्त 2026:
मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार से जुड़ी किशोरियों के अनुभवों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं को समझने के उद्देश्य से आज महिला एवं बाल विकास निगम में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती इनायत खान, प्रबंध निदेशक, महिला एवं बाल विकास निगम ने की।




कार्यक्रम में विभिन्न प्रशिक्षण प्रदाता संस्थाओं के माध्यम से अलग-अलग ट्रेड में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली एवं रोजगार से जुड़ी किशोरियों ने भाग लिया। किशोरियों को ब्यूटी थेरेपिस्ट, सीसीटीवी इंस्टॉलेशन तकनीशियन, डिजिटल मित्रा, आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन, फील्ड टेक्नीशियन–कंप्यूटिंग एवं पेरिफेरल्स, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, हेयर ड्रेसर एवं स्टाइलिस्ट, होम हेल्थ एड, मोबाइल फोन हार्डवेयर रिपेयर तकनीशियन तथा सिलाई मशीन ऑपरेटर जैसे विभिन्न रोजगारपरक ट्रेड में प्रशिक्षण दिया गया है।





इस दौरान किशोरियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव, प्रशिक्षण के बाद मिले रोजगार के अवसरों तथा कार्यस्थल पर सामने आने वाली चुनौतियों से संबंधित अपने अनुभव साझा किए। प्रबंध निदेशक ने उनसे सीधे संवाद करते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना तथा उनके बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं उन्मुखीकरण प्रदान किया।




श्रीमती इनायत खान ने किशोरियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “हुनर सीखना उसका अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। कौशल आपके आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की नींव है। आप अपने हुनर का निरंतर विकास करें और आगे बढ़ें।”




उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं किशोरियों के साथ किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं से संबंधित अधिकारों एवं अधिनियमों के बारे में किशोरियों को जानकारी दी तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, समस्या अथवा आवश्यकता होने पर किशोरियां बिना किसी संकोच के निगम तक पहुंचें और अपनी बात साझा करें। निगम उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं बेहतर भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।




कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को महिला एवं बाल विकास निगम की विभिन्न योजनाओं, उपलब्ध अवसरों तथा उनके लिए संचालित कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। उन्हें अपने कौशल को लगातार विकसित करने, आत्मनिर्भर बनने तथा रोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।




किशोरियों के निगम भ्रमण एवं इस विशेष संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने में कौशल विकास टीम के श्री निलेश मिश्रा एवं डॉ. महालक्ष्मी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा प्रशिक्षित किशोरियों को निगम तक लाकर उन्हें योजनाओं एवं उपलब्ध अवसरों से परिचित कराया गया तथा प्रबंध निदेशक के साथ संवाद के लिए आवश्यक समन्वय किया गया।




महिला एवं बाल विकास निगम का उद्देश्य कौशल विकास के माध्यम से किशोरियों एवं महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं कौशलयुक्त बनाना तथा उन्हें शिक्षा, प्रशिक्षण एवं रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। विभिन्न रोजगारपरक ट्रेड में प्रशिक्षण के माध्यम से किशोरियों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप रोजगार से जोड़ने और उनके आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ