Header Ads Widget

गौरवपूर्ण है 100 करोड़ लोगों के टीकाकरण से जुड़ी उपलब्धि - जिलाधिकारी - दृढ़ इच्छाशक्ति व मजबूत हौसले के दम पर हमने अब तक सभी चुनौतियों को दी है मात - जिले में शत प्रतिशत लोगों के टीकाकृत होने तक हमें अपने जोश व जज्बे को रखना होगा बरकरार


 
अररिया, 21 अक्टूबर ।, SON OF SIMANCHAL GYAN MISHRA 

देश के स्वास्थ्य महकमा के लिये आज का दिन बेहद गौरवपूर्ण है। हमारा देश कोरोना टीकाकरण के मामले में 100 करोड़ की उपलब्धि हासिल कर चुका है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच ने कहा कि वैश्विक महमारी का यह दौर प्रशासनिक महकमा व स्वास्थ्य परिवार के लिये बेहद चुनौतियों से भरा रहा है। दृढ़ इच्छाशक्ति व मजबूत हौसले के दम पर हम अब तक इन चुनौतियों को मात देते आये हैं। आगे भी हमें अपने इस जोश व जज्बे को बरकरार रखना होगा। ताकि शतप्रतिशत लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों का हौसला व जन सेवाओं के प्रति उनके समर्पण का नतीजा है कि जिले में अब तक 14 लाख लोगों को टीका लगाया जा चुका है। अब तक 11 लाख लोगों को टीका का पहला व 03 लाख लोगों को टीका का दूसरा डोज लगाया जा चुका है। उम्मीद जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही हम शतप्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल करते हुए आम जनमानस को इस वैश्विक महामारी के खतरों से निजात दिलाने में पूरी तरह कामयाब होंगे।

मजबूत हौसलों के दम पर हमने हर चुनौतियों की दी मात : 

टीकाकरण के सफर को याद करते हुए सिविल सर्जन डॉ एमपी गुप्ता ने कहा कि टीकाकरण अभियान शुरू से ही मुश्किलों से भरा रहा है। टीका लेने वाले पहले व्यक्ति के चयन भी जटिलताओं से भरा था। वहां भी विभागीय कर्मियों ने साहस का परिचय दिया। फिर स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण का दौर शुरू हुआ। तो विभाग के वरीय अधिकारी इसके लिये आगे आये। फ्रंट लाइन वर्कर के लिये टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू होने पर जिलाधिकारी अगुआ की भूमिका में नजर आये। टीकाकरण अभियान को बढ़ावा देने में उनका यह प्रयास खासतौर पर महत्वपूर्ण साबित हुआ। तब से लेकर अब तक जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में अभियान निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिये समय-समय पर विशेष रणनीति तैयार की गयी। 



टीका एक्सप्रेस का संचालन, विशेष टीकाकरण अभियान, पूजा पंडालों में टीकाकरण की व्यवस्था, 9 टू 9 केंद्रों का संचालन और अब प्लस पोलियो अभियान की तर्ज पर घर-घर टीकाकरण अभियान का संचालन जिले में किया जा रहा है। सिविल सर्जन ने कहा कि जिले के शतप्रतिशत लोगों का टीकाकरण हमारी प्राथमिताओं में शुमार है। इसके साथ ही हम तमाम तरह की स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आम जनमानस तक पहुंचाने के निरंतर प्रयास कर रहे हैं। 

अभियान में अगुआ की भूमिका में नजर आये जिलाधिकारी :

टीकाकरण की प्रक्रिया आम लोगों के लिये शुरू होने तक इसे लेकर कई तरह की भ्रांतियां व अफवाह समाज में घर कर चुका था। डीपीएम रेहान अशरफ ने कहा कि हर मुश्किल दौर में जिलाधिकारी अगुआ की भूमिका में नजर आये। उनकी अगुआई में विभिन्न स्तरों पर स्थानीय धर्म गुरुओं व समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक आयोजित की गयी। जिलाधिकारी के निर्देश पर धर्म स्थलों से माइकिंग के जरिये लोगों को टीकाकरण के लिये जागरूक व प्रेरित करने के लिये विशेष मुहिम संचालित किए गये। मुहिम में जन प्रतिनिधियों का भी भरपूर सहयोग हमें प्राप्त हुआ। स्थानीय सांसद प्रदीप कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम उर्फ पप्पू सहित विभिन्न विधायकों का संदेश विस्तृत पैमाने पर प्रचारित व प्रसारित किया। इसके बाद टीकाकरण केंद्रों पर लोगों हुजूम जुटना शुरू हुआ। इसी बीच जिलाधिकारी की अगुआई में विश्व योग दिवस 21 जून को जिले में पहली बार महाअभियान का आयोजन किया गया। जो अप्रत्याशित रूप से सफल साबित हुआ। इसके बाद लगातार अभियान का संचालन किया जा रहा है। अभियान के सफल संचालन में डीडीसी मनोज कुमार के योगदान को भुलाना कठिन है। निरंतर उनकी अगुआई में टीकाकरण मामले की समीक्षा की जाती रही। अभियान को बढ़ावा देने में उनका प्रयास महत्वपूर्ण साबित हुआ। अभियान अब वार्ड स्तर पर जा पहुंचा है। वंचितों का सर्वे मतदाता सूची के आधार पर किया जा रहा है। साथ ही कर्मी घर-घर जाकर लोगों का टीकाकृत करने के प्रयास में जुटे हैं।