न्यूज़ डेस्क। भोजपुरी स्टार एवं सिंगर खेसारी लाल यादव इन दिनों विवादों में घिरे हुए हैं। दो दिन पहले ही मुंबई में अश्लील गाने और महिलाओं को लेकर अश्लीलता भरे गाने बनाने के जुर्म में उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 292,294 और 354 के तहत मामला मुंबई में दर्ज किया गया है। केस दर्ज करवाने वाले व्यक्ति हैं सुरजीत सिंह जो कि "सनातन सेवा फाउंडेशन" के प्रमुख हैं।
अपने बयान में सुरजीत सिंह ने खेसारी लाल पर आरोप लगाया है कि यह पैसे कमाने के लिए अश्लील गाने और वीडियो बनाते रहते हैं। इन्होंने हाल ही में खेसारी लाल का एल्बम "चाची के बच्ची सपना में आती है।" का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह के गानों से महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचती है।
अभी यह मामला चल ही रहा था कि पटना में भी राजेश कुमार की ओर से बुद्धा कॉलोनी थाना में सनहा दर्ज कराया गया है। राजेश कुमार की ओर से दर्ज सनहा मे कई तरह के आरोप खेसारी लाल यादव के ऊपर लगाए गए हैं। इसकी पुष्टि थाना प्रभारी ने की है।
उधर सूत्रों के अनुसार अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी सदर एएसपी के कार्यालय पहुंच कर खेसारी लाल के खिलाफ शिकायत की है। अभिनेत्री ने गायक नीलकमल सिंह द्वारा गाए गाने में उनका निजी संबंधों का जिक्र इनके गानों में बताया है। इसके लिए कंकड़बाग थाना में केस दर्ज कराया गया है। इस पुरे मामले की जांच सदर एएसपी कर रहे हैं।
इससे पहले भी खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया पर निर्देशक राज कुमार पांडेय के लिए अपमानजनक टिप्पणी की और उन्हें धमकी भी दी थी। इसके बाद उनके खिलाफ लखनऊ उत्तर प्रदेश में मामला दर्ज किया गया था।
फिलहाल पुरे मामले पर खेसारी लाल यादव की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।