मधुबनी - लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट
प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय जदयू कार्यकर्ताओं की बैठक कारी ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक मीणा कामत ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में गांव का विकास लगातार हो रहा है। हर घर को बिजली-पानी व प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सकारात्मक सोच के कारण संभव हो सका है। जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र कामत ने कहा कि बिहार में तेजी से हो रहे विकास के कारण ही लोगों ने नीतीश कुमार को पुनः मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकारा। उन्होंने कार्यर्ताओं से कहा कि संगठन को वार्ड स्तर तक मजबूत करने की जरूरत है। वक्ताओं ने पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया। लाभकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जानी चाहिए।
प्रखंड अध्यक्ष कारी ठाकुर ने प्रखंड में संगठन को मजबूत बनाने के लिए बूथ स्तर पर कार्य करने का आह्वान किया। कहा बूथ स्तर पर हर घर से एक सदस्य को पार्टी से जोड़ने की जरूरत है। नशामुक्ति अभियान, दहेज प्रथा, बाल विवाह मुक्त बिहार निर्माण के लिए वक्ताओं ने मुख्यमंत्री की सराहना की। मौके पर दीपनारायण साह, नरेश शर्मा, कृष्णदेव सिंह, मनोज कुमार ठाकुर, विजय साह, अशोक कामत, रामू नायक, रामविलास मंडल, रामचंद्र राय, संजय सिंह, बलराज सहनी, अरुण सिंह, आनंद ठाकुर, अरुण कामत, चंदे मंडल, संजीव कुमार सहनी, विपिन कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।