जूते चप्पल की जली हुई दुकान का मलबा
ख़ुसरू परवेज़ | जिला संवाददाता, रोहतास
रोहतास जिले के नासरीगंज थानांतर्गत इटिम्हां गांव के मुख्य बाजार स्थित जूते चप्पल की एक दुकान में भीषण आग लग गई। यह घटना बुधवार की मध्य रात्रि में हुई। जिससे दुकान और इसमें रखे जूते चप्पल जल कर राख हो गये। लगभग दस लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं शंका व्यक्त की जा रही है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी। सूचना पाकर नासरीगंज और काराकाट थाने के अग्निशमन वाहन घटना स्थल पर पहुंचे लेकिन तकनीकी खराबी के चलते दोनों ही वाहन तेजी से आग पर काबू पाने में असफल रहे। आखिरकार शोर सुनकर अवसर पर एकत्रित हुए ग्रामीण भी आग बुझाने के लिए कूद पड़े। और आखिरकार अग्निशामन वाहन और ग्रामीणों के पंपिंग सेट व चपाकल की मदद से अथक प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। लेकिन तबतक सबकुछ जल कर राख हो चुका था। मरोझियां गांव निवासी दुकानदार मनव्वर हुसैन ने बताया कि वे देर शाम में दुकान बंद कर घर लौटे थे। और फिर खाना खाकर रात में सो गये। इसी क्रम में मध्य रात्रि में दुकान के निकट के दुकानदार साथी ने फोन पर घटना की सूचना दी। जिसके बाद वे बाइक से दुकान के पास पहुंचे तो देखा कि दुकान धू धू कर जल रही है। और कई फुुट ऊंची आग की लपटें उठ रही हैं। और इन लपटों में उनकी सालों की मेहनत की कमाई भी खाक हो गई। इधर अवसर पर पहुंचे मुखिया शशि कुमार ने पीड़ित दुकानदार को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन देते हुए इनकी क्षतिपूर्ति के लिए मुआवजे की मांग प्रशासन से की है। इधर सीओ श्याम सुंदर राय ने कहा कि यदि दुकान मुआवजे के नियमों के तहत आती है। तो मुआवजा अवश्य दिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.