शेखपुरा से सुनील कुमार की रिपोर्ट:

उत्पाद विभाग की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात्रि शहर के वाईपास रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप एक आल्टो कार में छुपाकर रखे गए 14 कार्टन विदेशी शराब सहित एक कारोबारी गौतम माथुर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर ली। 

जबकि कार पर सवार दो अन्य कारोबारी कार से कूदकर भाग निकलने में सफल हुए। इस बड़ी सफलता में उत्पाद निरीक्षक पीयूष कुमार की भूमिका काफी सराहनीय रही। इस बाबत उत्पाद अधीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक आल्टो कार पर लाद कर विदेशी शराब का जखीरा बरबीघा शहर होते शेखपुरा की तरफ कारोबारियों के पहुंचाने भेजा जा रहा है। 

इसकी सूचना मिलते ही उत्पाद निरीक्षक पीयूष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम वाईपास रोड की नाकेबंदी कर कार का इंतजार करने लगी। ज्युहिं कार गिरिहिंडा ढलान के पास पहुंची। पुलिस टीम को देखकर कार चालक कार को पीछे मोड़ना चाहा। तब तक घात लगाए टीम के बल कार को अपने कब्जे में ले लिया। 

गिरफ्तार कारोबारी गौतम माथुर चंदुकुआँ मुहल्ला बरबीघा निवासी कपिलदेव प्रसाद माहुरी का पुत्र बताया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि शेखपुरा शहर के होम डिलीवरी करने वालों तक पहुंचाने हेतु खेप को लाया जा रहा था। 

कार से कूदकर निकल भागने वाले दोनो युवक का भी नाम बताया है। कार निबंधन संख्या जे एच 01 जी 2381 और लगभग 124 लीटर की मात्रा में विदेशी शराब को जब्त कर लिया गया है। कार पर 375 एमएल की मात्रा वाले 192 बोतल ब्ल्यू इम्पीरियल और 288 बोतल 180 एमएल की मात्रा वाले शराब की सभी बोतलों को जब्त कर लिया गया है।

 गिरफ्तार कारोबारी सहित फरारियो के विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज कर गौतम कुमार को जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि युवक विदेशी शराब का कारोबार काफी दिनों से कर रहा है।