गांधी जयंती पर नव सृजन का मानवता संदेश : 200 जरूरतमंदों में कपड़ा एवं खाद्य सामग्री का वितरण



पटना, 02 अक्टूबर 2026:

पटना। गांधी जयंती के पावन अवसर पर नव सृजन सर्वांगीण विकास संस्थान द्वारा "पुराने कपड़ों का विशाल वितरण अभियान" के तहत 200 जरूरतमंदों के बीच कपड़ा एवं खाद्य पदार्थों का वितरण किया गया।




कार्यक्रम की सबसे सुखद तस्वीर यह रही कि संस्था के सदस्यों के साथ-साथ छोटे-छोटे बच्चों ने भी अपने कपड़े, जूते-चप्पल, स्कूल बैग एवं अन्य सामान वितरण के लिए दिए। अभिभावकों ने पैकिंग कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग किया। बच्चों में सेवा की यह भावना देखकर सभी का मन प्रसन्न हो उठा। यह साबित करता है कि सामाजिक कार्य हर किसी को करना चाहिए। जो जहां है, वहीं अपनी क्षमता अनुसार जरूरतमंद और मजबूर लोगों की मदद करे।




कार्यक्रम में संस्था की सचिव पूजा ऋतुराज, मुख्य अतिथि रवीन्द्र रंजन (सह क्षेत्रीय प्रभारी, भाजपा), मधेश्वर सिंह, मगही फिल्म के डायरेक्टर व दस्तक प्रभात अखबार के संपादक प्रभात वर्मा, वरिष्ठ समाज सेवी मो०आसिफ, समाजसेवी नीरू शर्मा, सौम्या शंकर, महिमा शंकर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।




सभी अतिथियों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और दूसरों को भी सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

संस्था की सचिव पूजा ऋतुराज ने कहा, "किसी जरूरतमंद के काम आना ही सच्ची मानव सेवा है। गांधी जी के आदर्शों पर चलते हुए हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। आज बच्चों ने जो भावना दिखाई है, वही हमारे उज्ज्वल भविष्य की नींव है। मैं सभी से आग्रह करती हूं कि अपने पुराने लेकिन उपयोगी सामान को फेंकने के बजाय जरूरतमंदों को दान करें। आपका छोटा सहयोग किसी के जीवन में बड़ी खुशी ला सकता है।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ