- मुख्यालय से वरीय पदाधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम सोमवार को जाएगी दरभंगा
- लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर डिबार की कार्रवाई होगी
पटना 16 अगस्त, 2026। पथ निर्माण विभाग के माननीय मंत्री ई० कुमार शैलेन्द्र की अध्यक्षता में आज उनके सभा कक्ष में दरभंगा जिले में संचालित विभिन्न पथ एवं पुल निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा जिले में अवसंरचनात्मक विकास को गति देने और आमजन को सुगम यातायात की सुविधा प्रदान करने के लिए क्रियान्वित सभी पथ एवं पुल निर्माण योजनाओं के भौतिक प्रगति, भूमि अधिग्रहण, सुगम यातायात, अलाइनमेंट, परियोजनाओं के लागू करने में आ रहे अवरोधों को दूर करने सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
उक्त बैठक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल सहित बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लि०, बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लि०, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के पदाधिकारी तथा दरभंगा, समस्तीपुर व जयनगर क्षेत्र के कार्यपालक अभियंताओं की उपस्थिति रहीं।
बैठक में इन प्रमुख परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति पर हुई चर्चा :-
• दरभंगा एलिवेटेड रोड एवं लोहिया चौक-पंडासराय एलिवेटेड रोड
• दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के लिए अप्रोच रोड
• दिल्ली मोड़, कगवा गुमटी, दोनार चौक, चट्टी चौक एवं पंडासराय रेलवे ओवरब्रिज (ROB)
• शिवधारा-हरपुर पथ का चौड़ीकरण
• हराही-दिग्धी-गंगासागर पोखर एकीकरण परियोजना
दरभंगा एलिवेटेड रोड, लोहिया चौक-पंडासराय एलिवेटेड रोड और दिल्ली मोड़, कगवा गुमटी, दोनार चौक, चट्टी चौक व पंडासराय पर बनने वाले ROBs से शहर के मुख्य चौराहों पर लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति मिलेगी। साथ ही, पथों के सुदृढ़ीकरण से स्थानीय कारोबारियों, मंडियों और व्यापारियों को माल ढुलाई में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
इस क्रम में परियोजनाओं के बाधाओं को दूर करने, भूमि अधिग्रहण के निराकरण भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सचिव ने बताया कि सभी परियोजनाओं की सतत मॉनीटरिंग की जा रही है ताकि ससमय परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा सके। समयसीमा से पीछे चल रही परियोजनाओं को तीव्र गति से पूर्ण करने के लिए लगातार कार्यों की समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एजेंसी को डिबार करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के भी कार्रवाई की जाएगी।
दरभंगा जिले में संचालित विभिन्न पथ एवं पुल निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण के लिए वरीय पदाधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम सोमवार को दरभंगा जाएगी। इसके लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। मुख्यालय स्तर से परियोजनाओं की मॉनीटरिंग की जाएगी ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण किया जा सके।
माननीय मंत्री ने निदेशित किया कि रेलवे, वन विभाग और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और पेड़ कटाई से जुड़ी बाधाओं को शीघ्र दूर किया जाए। निर्देशित किया गया कि वे अतिरिक्त संसाधन लगाकर कार्य में तेजी लाएं ताकि संशोधित लक्ष्य तिथि तक काम पूरा हो सके। निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। माननीय मंत्री ने दरभंगा जिले में अवसंरचनात्मक विकास को गति देने और आमजन को सुगम यातायात की सुविधा प्रदान करने के लिए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।



0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.