पटना : भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (IRCTC) श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष धार्मिक पर्यटन पैकेज लेकर आया है। रेलवे मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम IRCTC "ज्योतिर्लिंग दर्शन एवं श्री साईं दर्शन यात्रा" का आयोजन भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से करेगा। पैकेज कोड EZBG32 के तहत यह विशेष ट्रेन 1 सितंबर 2026 को रक्सौल से रवाना होगी।
ख़बर से संबंधित वीडियो देखें 👆
यह यात्रा 8 रात और 9 दिनों की होगी, जिसमें श्रद्धालुओं को देश के चार प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के साथ शिरडी साईं बाबा के दर्शन का अवसर मिलेगा। यात्रा के दौरान आरामदायक रेल सफर, होटल में ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा, ऑनबोर्ड सुरक्षा और IRCTC की विशेष आतिथ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन प्रमुख धार्मिक स्थलों के होंगे दर्शन
यात्रा के दौरान श्रद्धालु निम्नलिखित प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करेंगे—
- उज्जैन: महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग
- नासिक: त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग
- शिरडी: श्री साईं बाबा मंदिर
छत्रपति संभाजीनगर: घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं विश्व प्रसिद्ध एलोरा की गुफाएं
"देखो अपना देश" अभियान के तहत पहल
IRCTC ने बताया कि यह यात्रा भारत सरकार के "देखो अपना देश" और "एक भारत श्रेष्ठ भारत" अभियान के अंतर्गत संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना, देश की सांस्कृतिक विरासत से लोगों को जोड़ना तथा राष्ट्रीय एकता और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना है।
इन स्टेशनों से कर सकेंगे बोर्डिंग
श्रद्धालु निम्नलिखित स्टेशनों से इस विशेष ट्रेन में सवार हो सकेंगे—
- रक्सौल
- सीतामढ़ी
- दरभंगा
- समस्तीपुर
- मुजफ्फरपुर
- हाजीपुर
- पाटलिपुत्र
- आरा
- बक्सर
- दिलदारनगर
- पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन
- प्रयागराज छिवकी
ऑल-इनक्लूसिव रहेगा पैकेज
IRCTC के इस पैकेज में यात्रियों को अलग से किसी व्यवस्था की चिंता नहीं करनी होगी। पैकेज में रेल यात्रा, होटल में ठहरने की सुविधा, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, भोजन (पैकेज के अनुसार), ऑनबोर्ड सुरक्षा, यात्रा बीमा तथा IRCTC की आतिथ्य सेवाएं शामिल हैं।
श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा चार ज्योतिर्लिंगों और शिरडी साईं बाबा के दर्शन का एक सुनहरा अवसर है। बिहार और पूर्वी भारत के यात्रियों के लिए रक्सौल से शुरू होने वाली यह धार्मिक यात्रा आस्था और पर्यटन का एक यादगार अनुभव साबित हो सकती है।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.