राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में हुए शामिल



  • सनातन सेवक संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद कुमार अशोक सहित राजद और जनसुराज के कई नेताओं ने कमल थामा
  • शुचिता की राजनीति करने वाला व्यक्ति गलत दल में था, अब सही जगह आया है : संजय सरावगी
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रीति-नीति पर बढ़ रहा जनता का विश्वास, भाजपा से जुड़ रहे सभी वर्गों के लोग: संजय सरावगी
  • मृत्युंजय तिवारी के आने से भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा : संजय सरावगी
  • मृत्युंजय तिवारी हमेशा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के करीब रहे, भाजपा को मिलेगी नई ताकत : मंगल पांडेय
पटना, 24 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में आज आयोजित भव्य मिलन समारोह में राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए भाजपा परिवार में स्वागत किया।





‎इस अवसर पर सनातन सेवक संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद कुमार अशोक, जन सुराज के मुकेश शुक्ला, राजद के संदीप कुमार दुबे, जन सुराज के अमर कुमार सिंह, राजद के मनीष कुमार, जन सुराज के कौशल कुमार, राजद के सावन कुमार गुप्ता, अमित चौबे और अंकित कुमार सहित सैकड़ों लोगों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
‎कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने भी पार्टी में आये लोगों का स्वागत किया।  
‎इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नवागंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि आज भाजपा के अटल सभागार में मृत्युंजय तिवारी और अन्य विपक्षी दलों के अनेक अच्छे लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रीति-नीति और नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। 
‎उन्होंने कहा कि वर्षों से मृत्युंजय तिवारी को एक प्रवक्ता के रूप में सुनते रहे हैं और हमेशा यह महसूस होता था कि शुचिता की राजनीति करने वाला एक योग्य व्यक्ति गलत दल में है। आज उनके भाजपा परिवार में आने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
‎भाजपा अध्यक्ष सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा लगातार देशभर में अपना जनाधार बढ़ा रही है। चाहे पश्चिम बंगाल हो या असम, हर चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। यही कारण है कि अन्य राजनीतिक दलों में भगदड़ मची हुई है और विभिन्न विचारधाराओं के लोग भाजपा की नीतियों एवं नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए पार्टी से जुड़ रहे हैं।
‎उन्होंने कहा कि मृत्युंजय तिवारी एक प्रभावशाली वक्ता होने के साथ-साथ कुशल संगठनकर्ता भी हैं। उनके अनुभव, राजनीतिक समझ और संगठनात्मक क्षमता का लाभ भाजपा को मिलेगा तथा उनके नेतृत्व में पार्टी का संगठन और अधिक मजबूत होगा।
‎पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि मृत्युंजय तिवारी और उनके साथ भाजपा में शामिल हुए सभी साथियों का वे हृदय की गहराइयों से स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि पूरा बिहार जानता है कि मृत्युंजय तिवारी ने एक प्रवक्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनका दशकों पुराना व्यक्तिगत संबंध रहा है और वे हमेशा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के निकट रहे हैं। 
‎उन्होंने कहा कि मृत्युंजय तिवारी धारा 370 हटाने और अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों का वे हमेशा समर्थन करते रहे। आज बजरंगबली का आशीर्वाद लेकर उनका भाजपा परिवार में शामिल होना संगठन के लिए नई शक्ति और ऊर्जा का संचार करेगा।
‎इस मौके पर प्रदेश महामंत्री राजेश कुमार झा, प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल , मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, प्रभात मालाकार भी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ