अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिहार विधान सभा एवं ब्रह्मकुमारीज संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बिहार विधान सभा विशेष योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।



पटना। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिहार विधान सभा एवं ब्रह्मकुमारीज संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में डॉ० प्रेम कुमार, माननीय अध्यक्ष, बिहार विधान सभा की उपस्थिति में बिहार विधान सभा परिसर स्थित औषधीय वाटिका में प्रातः 6:00 से 7:00 बजे तक विशेष योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति, ज्ञान और जीवन पद्धति का अमूल्य उपहार है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दिए जाने के बाद योग वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक प्रक्रिया है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति में आत्मविश्वास, एकाग्रता, सकारात्मक सोच और कार्य करने की क्षमता का विकास होता है। वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, तनाव और असंतुलित दिनचर्या के बीच योग स्वस्थ जीवन का सशक्त माध्यम है। योग हमें संयम, अनुशासन और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर चलने की सीख देता है।

डॉ. प्रेम कुमार ने युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास और स्वस्थ जीवन का संकल्प होना चाहिए। विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों और समाज के हर वर्ग में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। योग हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और सामाजिक रूप से संवेदनशील बनाता है।

अंत में उन्होंने कहा कि योग भारत की वह अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वयं से जोड़ती है और संपूर्ण मानवता को स्वस्थ, शांत एवं समृद्ध जीवन का संदेश देती है। आइए, हम सभी योग को अपनाकर स्वस्थ बिहार और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान दें।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की माननीया मंत्री श्रीमती श्वेता गुप्ता, माननीय सदस्यगण श्री रामानंद मंडल, श्री राजेश कुमार मंडल, विधान पार्षद श्री जीवन कुमार, ब्रह्माकुमारीज के कार्यक्रम समन्वयक श्री बी. के. संजय, योग प्रशिक्षक श्री बीके साक्षी, राजयोगिनी बीके अनीता एवं सभा सचिवालय की प्रभारी सचिव श्रीमती पूनम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित होकर विशेष योग एवं ध्यान कार्यक्रम का लाभ उठाया ।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ