जनभागीदारी से पारदर्शिता को बढ़ावा, विकास कार्यो की निगरानी हेतु व्हाट्सऐप नंबर जारी




  • जनभागीदारी से पारदर्शिता को बढ़ावा, विकास कार्यो की निगरानी हेतु व्हाट्सऐप नंबर जारी
  • मानसून 2026 की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक, 15 मई तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
  • नगर निकायों के कार्यों पर अब जनता की नजर -विजय कुमार सिन्हा

दिनांक- 20 मार्च, पटना। माननीय उप मुख्यमंत्री -सह- नगर विकास एवं आवास मंत्री, श्री विजय कुमार सिन्हा ने विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी मानसून 2026 को ध्यान में रखते हुए शहरी क्षेत्रों, विशेषकर पटना एवं आसपास के इलाकों में जलजमाव की समस्या से निपटने हेतु प्रभावी एवं समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करना था। इस बैठक में विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार, प्रमंडलीय आयुक्त श्री अनिमेष परासर, नगर आयुक्त पटना श्री यशपाल मीणा सहित विभाग के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।




माननीय मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मानसून पूर्व सभी आवश्यक कार्य 15 मई तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों की सफाई, पंपिंग स्टेशनों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करने तथा जलजमाव वाले चिन्हित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में आम जनता को जलजमाव की समस्या का सामना नहीं करना पडे़, इसके लिए विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य करे।

बैठक में नगर निकायों में चल रहे विकासात्मक एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। माननीय मंत्री ने कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किए जाएं।

जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माननीय मंत्री द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा भी की गई। नगर निकायों में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की शिकायत दर्ज कराने हेतु जन प्रतिनिधियों एवं आम जनता के लिए एक व्हाट्सऐप नंबर 9264291339 जारी किया गया है। इस नंबर पर लोग जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों से संबंधित फोटो एवं वीडियो साझा कर सकते हैं, जिससे त्वरित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

माननीय मंत्री ने कहा कि सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर शहरी व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है तथा आम जनता की सहभागिता से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ