मुंबई/पटना 02 अप्रैल 2025 – उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा आज मुंबई में वस्त्र, सॉफ्ट टॉय निर्माण और वस्त्र सहायक सामग्री (Textile Accessories) क्षेत्र के प्रमुख निवेशकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता विभाग की सचिव श्रीमती बंदना प्रेयषी ने की। बैठक का उद्देश्य बिहार में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को प्रस्तुत करना एवं राज्य में निवेश आकर्षित करना था।
बैठक के दौरान सचिव महोदया ने बिहार में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हेतु उपलब्ध अवसरों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बिहार को एक उभरते हुए निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करते हुए राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मजबूत आधारभूत संरचना एवं वित्तीय सहायता पर प्रकाश डाला।
बैठक में बिहार सरकार की टेक्सटाइल सेक्टर नीति पर विशेष चर्चा की गई, जिसमें उद्योगों को विभिन्न प्रोत्साहन एवं सुविधाएं प्रदान करने की विस्तृत जानकारी दी गई। इस नीति का उद्देश्य राज्य में वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देना और औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।
निवेशकों ने बिहार के औद्योगिक विकास में गहरी रुचि व्यक्त की और राज्य में निवेश की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया। बैठक में उनकी भविष्य की निवेश रणनीतियों एवं बिहार सरकार के साथ संभावित साझेदारी पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई, जिसमें बिहार सरकार के प्रतिनिधिमंडल एवं मुंबई स्थित निवेशकों ने राज्य में औद्योगिक विकास की संभावनाओं को लेकर आशावाद व्यक्त किया। उद्योग विभाग, बिहार, राज्य में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए सतत प्रयासरत है एवं निवेशकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.