Header Ads Widget

माननीय कृषि मंत्री श्री मंगल पाण्डेय ने पटना में मखाना महोत्सव, 2024 का उद्घाटन किया, की मखाना उद्योग के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणाएं




  • माननीय कृषि मंत्री श्री मंगल पाण्डेय ने पटना में मखाना महोत्सव, 2024 का उद्घाटन किया 
  • मखाना उद्योग के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणाएं

पटना, 03 अगस्त 2024: बिहार के कृषि मंत्री श्री मंगल पाण्डेय ने आज पटना के ज्ञान भवन में आयोजित मखाना महोत्सव, 2024 का उद्घाटन किया। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य मखाना के उत्पादन, विपणन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देना है और इसे हर थाल तक पहुँचाना सुनिश्चित करना है।

मंत्री श्री पाण्डेय ने कहा कि मखाना उत्पादन और विपणन के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मानकों का पालन कर किसानों की आय में वृद्धि की जाएगी। उन्होंने मखाना की गुणवत्ता, मानक और प्रसंस्करण में आधुनिक यंत्रों के उपयोग पर बल दिया और अन्य राज्यों में भी मखाना महोत्सव के आयोजन की योजना की बात की।


ख़बर से संबंधित वीडियो देखें 👆

उन्होंने बिहार की अनूठी मिट्टी और जलवायु की सराहना की, जो मखाना की फसल के लिए आदर्श है। बिहार पूरे देश में मखाना का 85 प्रतिशत उत्पादन करता है और यह लाखों किसानों की आजीविका का आधार है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मिथिला मखाना को जी.आई. टैग प्राप्त है, जो बिहार की मखाना उत्पादन की विशिष्टता को दर्शाता है।

मंत्री ने मखाना के निर्यात की संभावनाओं का भी उल्लेख किया, जिसमें एपीडा की मदद से अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच को बढ़ावा देने की बात की। उन्होंने बताया कि मखाना का निर्यात अमेरिका, यूके, ऑस्ट्रेलिया और खाड़ी देशों में होता है और इसके स्वास्थ्य लाभों के कारण भविष्य में इसकी मांग में वृद्धि की संभावना है।

मखाना महोत्सव, 2024 दो दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न ग्रेड के मखाना, क्रेता-विक्रेता सम्मेलन, तकनीकी सत्र और 20 से अधिक स्टॉल शामिल हैं। महोत्सव में मखाना के उन्नत प्रजातियों, भंडारण सहायता, और प्रोसेसिंग प्रोत्साहन पर चर्चा की जाएगी। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति और उद्योग विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाए गए हैं ताकि किसानों को कृषि ऋण और खाद्य प्रसंस्करण सहायता की जानकारी मिल सके।

इस अवसर पर कृषि विभाग के प्रमुख अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। महोत्सव के दौरान मखाना के औषधीय गुणों पर जागरूकता फैलाने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी भाग लेंगे।