न्यूज़ डेस्क। बिहार की राजधानी पटना में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के लिए आज यानी शुक्रवार से टनल बनाने का काम शुरू हो गया है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने टनल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने पटना मेट्रो के लिए खास तौर पर तैयार किये गये लोगो का भी अनावरण किया।शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने आधिकारिक रूप से पटना मेट्रो के लोगो का अनावरण कर दिया है।
पटना के मोइनुल हक स्टेडियम स्टेशन के पास से खुदाई शुरू हो गई है।उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पटना मेट्रो के निर्माण कार्य का जायजा लिया और टनल बोरिंग का उद्घाटन भी किया। पटना मेट्रो का कार्य तेज गति के साथ हो रहा है। सुखी, संपन्न, समृद्ध और विकसित बिहार।"
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हमने पटना मेट्रो का कार्य शुरू करवा दिया था। आज उसी का निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि जब अटल बिहार वाजपेई की सरकार में दिल्ली मेट्रो की शुरुआत हुई थी। उस वक्त भी उन्होंने ही मेट्रो प्रोजेक्ट को देखा था। नीतीश ने कहा कि पटना में जो मेट्रो स्टेशन बनेंगे, वे बहुत अच्छे और सुंदर बनाए जाएंगे।
नीतीश कुमार ने आगे कहा, 'हम तो लगे हुए हैं कि जितना जल्दी हो सके मेट्रो का कार्य पूरा हो जाए ताकि पटना वासियों को पटना मेट्रो की सौगात मिल सके। हम तो चाहते ही है कि जल्दी काम पूरा हो जाए। हर जगह काम तेजी से चल रहा है। जगह-जगह लोग लगे हुए हैं और जल्द ही पटना मेट्रो का कार्य पूरा हो जाएगा।' मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने धनराशि को लेकर कहा कि फंड को लेकर कोई चिंता नहीं है। उन्होंने जानकारी साझा करते हुए कहा कि 60 प्रतिशत जहां से आना है, वह तो मिलेगा ही। राज्य सरकार का और केंद्र सरकार का का फंड मिलाकर पटना मेट्रो का काम तेजी से हो रहा है।