- अभियान के क्रम में 18 हजार लाभुकों का हुआ टीकाकरण
- बीते सात दिनों में आयोजित तीन अभियान में 32 हजार लाभुक का हुआ टीकाकरण
अररिया, 14 मई । SON OF SIMANCHAL GYAN MISHRA
जिले में शनिवार को आयोजित विशेष टीकाकरण अभियान सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के क्रम में कुल 17, 893 लोगों को कोरोना टीका का निर्धारित डोज लगाया गया। अभियान से जुड़ी उपलब्धि के मामले में अररिया राज्य में तीसरे स्थान पर रहा। गौरतलब है कि मई माह में 07 से 14 मई के बीच जिले में लगातार आयोजित तीनों अभियान बेहद सफल रहा। टीकाकरण मामले में जिले की उपलब्धियों के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले 07 मई को आयोजित अभियान में अररिया राज्य में पांचवें स्थान पर था। वहीं 11 मई व 14 मई को राज्यस्तरीय रैकिंग में अररिया को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। अभियान के क्रम में वरीय स्वास्थ्य अधिकारी प्रखंडों में अभियान का निरीक्षण व अनुश्रवण करते देखे गये।
विशेष अभियान से टीकाकरण मामले में आयी तेजी :
अभियान की उपलब्धियों पर सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह ने संतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े तमाम विभागीय अधिकारी व कर्मियों के अथक प्रयास से लगातार संचालित तीनों अभियान जिले में बेहद सफल रहा। इससे जिले में टीकाकरण की रफ्तार में तेजी आयी है। इस रफ्तार को आगे भी बनाये रखना जरूरी है। जिले के हर एक योग्य लाभुक का पूर्ण टीकाकरण स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। आगे भी विशेष अभियान आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को टीकाकृत करने का हमारा प्रयास जारी रहेगा। ताकि संक्रमण से जुड़ी चुनौती को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
बीते तीन अभियान में 36 हजार लाभुक टीकाकृत :
डीआईओ डॉ मोईज ने कहा कि जिले में टीकाकरण को बढ़ावा देने में अब तक विशेष अभियान बेहद मददगार साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि 36 हजार से अधिक लोगों को टीकाकृत किया जा सका। इसमें 12 साल से अधिक उम्र के किशोर व योग्य लाभुकों को बढ़-चढ़ कर प्रीकॉशन डोज का टीका लगाया गया। अभियान को सफल बताते हुए उन्होंने कहा खराब मौसम के बावजूद हमारी उपलब्धि संतोषजनक है।
टीकाकरण मामले में अव्वल रहा फारबिसगंज :
जानकारी देते हुए डीपीएम रेहान अशरफ ने कहा कि अभियान की सफलता को लेकर हर स्तर पर जरूरी तैयारी की गयी थी। प्रखंडवार टीकाकरण संबंधी लक्ष्य का निर्धारण किया गया था। निर्धारित लक्ष्य 28, 500 की तुलना में हमारी उपलब्धि 62.8 फीसदी के करीब रही। अभियान में निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक फारबिसगंज 3297 लाभुकों के टीकाकरण के साथ पहले स्थान पर रहा। वहीं 3181 लाभुक के टीकाकरण के साथ अररिया दूसरे व 1852 लाभुकों के टीकाकरण के साथ पलासी तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा रानीगंज में 2863, सिकटी में 1408, भरगामा में 1640, नरपतगंज में 1835, कुर्साकांटा में 772, जोकीहाट में 1045 लाभुकों को टीकाकृत किया गया।


0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.