Header Ads Widget

पुल चोरी का मास्टर माइंड एसडीओ नाटकीय ढंग ‌से हुआ गिरफ्तार


👆 पुल चोरी के मामले में गिरफ्तार सोन नहर अवर प्रमंडल नासरीगंज का गिरफ्तार सहायक अभियंता

सासाराम | जिला संवाददाता

रोहतास जिले के नासरीगंज थानांतर्गत अमियावर गांव में सोन नहर पर स्थित लोहे के ऐतिहासिक पुल की चोरी के मास्टर माइंड विभागीय एसडीओ(सहायक अभियंता) को पुलिस ने रविवार ‌को नाटकीय ढंग ‌से गिरफ्तार ‌कर लिया। सोन नहर अवर प्रमंडल नासरीगंज में पदस्थापित उक्त एसडीओ का नाम राधेश्याम सिंह है जो कैमूर जिले के कुदरा थानांतर्गत सुल्ली गांव निवासी राम गोविंद सिंह का पुत्र बताया जाता है। पुल चोरी के मामले में एसडीओ की संलिप्तता प्रकाश में आने के बाद उसकी गिरफ्तारी होने से अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। 

वहीं मुख्यालय के निर्देश पर मुख्य अभियंता ने अमियावर पुल स्थल पर पहुंच कर विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। साथ ही अधीक्षण अभियंता से लेकर कनीय अभियंता तक से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण के बाद मामले में दोषी व लापरवाह पाए जाने वाले अधिकारियों व कर्मियों पर भी विभागीय कार्रवाई हो सकती है। घटना के बाद फरार चल रहे एसडीओ को पुलिस ने पूछताछ के बहाने बुला कर धर दबोचा। बताते चलें कि पुल चोरी के नासरीगंज थाना कांड संख्या 45/22 के तहत शनिवार की रात गिरफ्तार सिंचाई विभाग के मौसमी कर्मचारी अरविंद कुमार ने पुलिस के समक्ष इस बात का खुलासा किया था कि पुल की चोरी एसडीओ के आदेश पर हुई है। और मैंने तो सिर्फ साहब के आदेश का पालन किया था।