सासाराम | जिला संवाददाता
रोहतास जिले के नासरीगंज धूस स्थित सोन नहर पुल(नेविगेशन चैनल ब्रिज, आरा मेन कैनाल धूस) के निर्माण में देरी हुई तो जनता सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को विवश होगी। उक्त बातें काराकाट विधायक अरुण सिंह ने कहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास को गति देने की बात तो करती है। लेकिन इसके विपरीत पैसे के अभाव में योजनाएं अधर में लटकी रहती हैं। विधायक ने कहा कि उक्त निर्माणाधीन पुल कई गांवों को प्रखंड व जिला मुख्यालय से जोड़ता है। इसलिए सरकार व प्रशासन निर्धारित अवधि में इसका निर्माण कार्य पूरा कराए। गौरतलब है कि उक्त विधायक के द्वारा ही विधानसभा के पटल पर जर्जर हो चुके पुल के पुनर्निर्माण हेतु आवाज उठाई थी। जिसके बाद सरकार ने तत्परता पुल निर्माण का आश्वासन दिया था।
इधर पुल निर्माण हेतु निविदा प्राप्त संवेदक आलोक कुमार ने बताया कि गत 23 नवंबर से ही पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। लेकिन विभाग द्वारा अब तक एक भी बिल का भुगतान नहीं किया गया। अगर समय पर भुगतान हो जाता तो अब तक ढलाई का कार्य शुरू किया जा सकता था। संवेदक ने कहा कि पचास हजार से ज्यादा की राशि खर्च करके बनाए गये डाइवर्सन का भी भुगतान करने को विभाग तैयार नहीं है। वहीं सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता राधेश्याम सिंह ने बताया कि निधि आवंटन के लिए विभागीय प्रधान सचिव को पत्र लिख कर अनुरोध किया गया है। और जैसे ही आवंटन स्वीकृत होगा संवेदक को भुगतान कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि मई माह तक निर्धारित अवधि के भीतर ही पुल का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.