मधुबनी - लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट
लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक बीडीओ अखिलेश्वर कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपस्थित लोगों ने विचार रखे। प्रशासन से ट्रैफिक, प्रकाश , स्वच्छता व छठ घाटों पर सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने का अनुरोध किया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन छठ घाटों का निरीक्षण कर रहा है।
बीडीओ अखिलेश्वर कुमार ने बताया कि छठ पर्व के दौरान छठव्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से छठ पूजा घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, साफ-सफाई व सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस प्रशासन लोगों की हर संभव सहायता करेगा। कहा कि छठ पर्व अमन व शांति के साथ मनाएं। अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। कहीं पर कुछ भी घटना घटित हो तो प्रशासन को तुरंत सूचना दें।
कोई भी समस्या हो तो निर्भीक होकर प्रशासन को जानकारी दे। साथ ही उन्होंने क्षेत्रों के लोगों से अपील किया कि नाबालिग बच्चों को बाइक या स्कूटी नहीं चलाने दें। कानून का पालन कड़ाई से किया जाएगा। बैठक में जनप्रतिनिधि के साथ अन्य लोग मौजूद थे।