रोहतास | वरीय संवाददाता
किसान आंदोलन के प्रणेता स्वामी सहजानंद सरस्वती की 71वीं पुण्य तिथि पर अखिल भारतीय किसान संघर्ष समंवय समिति, भाकपा माले लिबरेशन, सीपीआई और सीपीएम के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने जिले के नासरीगंज में धूस चौराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार दिल्ली में जारी ऐतिहासिक किसान आंदोलन की अनदेखी कर किसानों की मुख्य मांगें मानने से इनकार कर रही है। और गूंगी बहरी बन कर तानाशाही रवैया अपनाए हुए है।
साथ ही आंदोलन को बदनाम करने के लिए साजिशें रच रही है। लोगों ने कहा कि कोविड19 से लड़ता जूझता देश पूरी तरह कमर तोड़ मंहगाई के दलदल में फंस चुका है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के साथ साथ खाद्यान्न व दवाओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। जिसके चलते लोग भूखों मरने के कगार पर पहुंच गये हैं। और केंद्र व राज्य सरकार के नये पुराने वादे व दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि कोविड महामारी से लड़ने में विफल सरकार मौत के आंकड़े छुपाने में लगी है। और तीसरी लहर की संभावनाओं के बीच भी संवेदनहीन बनी हुई है। इसके पूर्व माले के धूस स्थित कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर दिवंगत नेता के तैलचित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित की गई। जिसके बाद लोगों ने एक प्रतिवाद मार्च निकाला जो सीधे प्रखंड मुख्यालय पहुंचा। जहां बीडीओ से मुलाकत कर लोगों ने राज्यपाल के नाम का ज्ञापन सौंपा। जिसके जरीए मांगें की गईं हैं कि तीनों काले कृषि कानून वापस लिए जाएं, किसानों के फसलों की एमएसपी की गारंटी वाला कानून तत्काल बनाया जाए, पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी कीमतें वापस ली जाएं, दवाओं व खाद्यान्नों की कीमतें नियंत्रित की जाएं, कोविड की तीसरी लहर की संभावना के मद्देनजर पीएचसी से लेकर स्वास्थ्य उपकेंद्रों तक पर्याप्त बेड, आईसीयू व आक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और कोविड से मरने वालों के परिजनों को पांच-पांच लाख का मुआवजा दिया जाए। मौके पर माले के जिला सचिव नंदकिशोर पासवान, प्रखंड सचिव मिथिलेश तिवारी, सीपीआई के मदन किशोर सिन्हा, नंदकिशोर सिंह, रितेश कुमार, रिंकु राम, मुजीब आलम, संतोषी चौधरी, गोपाल सिंह, राजेंद्र प्रसाद, रामजी राम, मोतीलाल साह, कन्हैया शर्मा, शिवधारी राम, बबन सिंह, कामेश्वर राम, कन्हैया सिंह, इमामुद्दीन और जाकिर हुसैन इत्यादि उपस्थित थे।
#स्वामी सहजानंद
#भाकपा माले लिबरेशन
#सीपीआई
#सीपीएम
#नासरीगंज
#रोहतास

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.