नोखा विधायक अनिता चौधरी को तलवार भेंट करते रामनाथ यादव साथ में डेहरी प्रखंड प्रमुख पूनम यादव व अन्य
ख़ुसरू परवेज़ | जिला संवाददाता, रोहतास
जिले के नासरीगंज प्रखंड अंतर्गत बाराडीह गांव में विधायकों व जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा लगा। लोगों ने सूबे में चल रहे राजनीतिक घटना क्रम के साथ ही यहां भविष्य में उभरने वाले राजनीतिक हालात पर खुल कर चर्चा की। वहीं वरिष्ठ राजद नेता सह एमएलसी प्रत्याशी रामनाथ सिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में नोखा विधायक सह पूर्व मंत्री अनिता चौधरी, काराकाट विधायक अरुण सिंह, दिनारा विधायक विजय कुमार मंडल और जिला परिषद अध्यक्ष नथुनी पासवान, डेहरी प्रखंड प्रमुख पूनम यादव, राजद नेता नकीब अहमद खां समेत हर स्तर के सैंकड़ों जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों व बुद्धिजीवियों को अंग वस्त्र, तलवार व बुके भेंटकर व फूल मालाएं पहना कर सम्मानित किया गया।
विधायक अनिता चौधरी ने कहा कि सूबे में नीतीश का शासन पूरी तरह से जंगल राज में बदल चुका है। और विगत दिनों विधानसभा में हुई बर्बरतापुर्ण कार्रवाई में उन्हें मिले जख्म आज भी हरे हैं। उन्होंने कहा कि उक्त कार्रवाई में उनके पैर में चोट लगी थी। जिसके चलते अभी भी उन्हें पैदल चलने में कठिनाई होती है। काराकाट विधायक अरुण सिंह ने कहा कि देश की सत्ता गलत लोगों के चंगुल में है और संविधान खतरे में है। संविधान रचयिता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि अब बाबा साहेब की जयंती ज्यादा जोर शोर से मनाने की आवश्यकता है। वहीं दिनारा विधायक विजय कुमार मंडल ने कहा कि देश व राज्यों में शासन-प्रशासन के गठजोड़ से किसी तरह सत्ता पर काबिज होने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। जो लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। इधर जिला परिषद अध्यक्ष नथुनी पासवान ने कहा कि सूबे में नीतीश सरकार त्रिस्तरीय चुनाव को टालने की कोशिश हो रही है। जिसके चलते स्थानीय निकाय पर अफसरों का कब्जा हो जाएगा। और अगर ऐसा होता है तो योजनाओं की राशि में लूट खसोट होगी और पंचायतों का विकास रुक जाएगा। इधर विधायकों समेत वरीय जनप्रतिनिधियों ने रामनाथ सिंह यादव को एमएलसी के चुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार के रूप में पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
मंच पर उपस्थित दिनारा विधायक विजय कुमार मंडल, रामनाथ सिंह यादव, डेहरी प्रखंड प्रमुख पूनम यादव व अन्य
इसके पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन दिनारा विधायक विजय कुमार मंडल ने फीता काट कर किया। मंच की अध्यक्षता व संचालन राजद के प्रधान जिला सचिव राजकिशोर सिंह ने की। मौके पर जिल परिषद उपाध्यक्ष आशा देवी, राजद जिलाध्यक्ष गिरजा चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष बुचुल सिंह यादव, डेहरी प्रखंड प्रमुख पुनम यादव, जिला परिषद सदस्य मुन्ना यादव, बिरेंद्र यादव, पूर्व जिला पार्षद सह वर्तमान जिला पार्षद के पति अरुण कुमार उर्फ दारा यादव, सुरेंंद्र यादव, शिवपूजन शास्त्री, शहमुल हक,इम्तयाज खां, शमशुल हक अंसारी, डॉ॰ राजेंद्र प्रसाद कुशवाहा, हरेराम सिंह, बलि यादव, नंद कुमार यादव, उमेश यादव, मनोज यादव, राजू सिंह, बृजेश कुमार उर्फ मंटू सिंह, ईदू खां, सुरेश यादव, राजू कुमार और बबलू कुमार उर्फ बबली इत्यादि उपस्थित थे।