नवगछिया प्रतिनिधि - नवगछिया थाना क्षेत्र के पकड़ा शर्मा टोला में मुखिया कदम देवी के पुत्र कुमार गौरव उर्फ कुमोद शर्मा (35) को अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया है. कुमार गौरव को गोली पीठ में लगी है. घटना के तुरंत बाद उसे नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए मायागंज जेएलएनएमसीएच भागलपुर अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन घायल गौरव को उसके परिजन इलाज के लिए पूर्णिया लेकर गए और देर शाम सूचना मिली है कि गौरव को पूर्णिया से इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया.
घटना का कारण चुनावी रंजिश बताया जा रहा है. घटना में पकरा गांव के शातिर अपराधी राजकिशोर राय उर्फ बिलरिया उर्फ झोटाहना का नाम सामने आया है. परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को दोपहर में खाना खाने के बाद गौरव छत पर धूप सेकने गया था. घर के पास ही एक आम के पेड़ पर चढ़कर अपराधियों ने गौरव को गोली मार दी. गोली की आवाज सुनते हैं परिजन छत पर गए तो वहां पर गौरव गिरा पड़ा था. मुखिया कदम देवी ने बताया कि करीब 2 माह से गांव का शातिर अपराधी बिलरिया उसके पूरे परिवार को मुखिया चुनाव में खड़ा ना होने अन्यथा ₹500000 की रंगदारी देने की मांग कर रहा था. करीब 12 दिन पहले मुखिया के मुंशी श्याम शर्मा के साथ भी बिलरिया ने मारपीट किया था. उस वक्त मामले को ग्रामीण स्तर से पंचायती कर सुलह करवा दिया गया था.
क्या कहते हैं एसडीपीओ
नवगछिया के एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की सूचना उन लोगों को मिल रही थी. उन्होंने कहा कि मामला चुनावी रंजिश का ही है. मुखिया कदम देवी या फिर उसका कोई परिजन चुनाव ना लगे अपराधी इसके लिए दबाव डाल रहे हैं. मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा.
बलरिया का है पुराना आपराधिक इतिहास
राजकिशोर राय उर्फ बिलरिया उर्फ झोटहना का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. नवगछिया के चर्चित विनोद यादव हत्याकांड, दरोगी सिंह हत्याकांड, पूरी बाबा हत्याकांड समेत लूट और छिनतई की कई जघन्य वारदातों में बलरिया आरोपी रहा है. वह कई बार जेल की हवा भी खा चुका है. सूत्र बता रहे हैं कि इस बार वह पंचायत चुनाव की राजनीति में अपना भाग्य आजमाने के जुगत में है.



0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.