Header Ads Widget

प्रभारी बीएओ के कारण समय से नहीं हो रहा कृषि कार्यों का निष्पादन

मधुबनी - लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट :

मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड में बीएओ का पद रिक्त है। बोसोपट्टी के बीएओ को यहां का प्रभार दिया गया है। ठंड के कारण वे चाहकर भी लदनियां की समुचित देखरेख नहीं कर पाते हैं। किसानों के लिए चलने वाली लाभकारी योजनाओं का निष्पादन समय से नहीं हो पाता है। 

गुरुवारर को ई किसान भवन पहुंचे जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि जिले में प्रखंड कृषि पदाधिकारी की कमी के कारण विभागीय निर्देश के अनुपालन में कठिनाई अवश्य होती है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी मलय कुमार शेखर के अवकाशोपरान्त कठिनाई बढ़ी है। 

श्री शेखर ने 30 नवम्बर को अवकाश ग्रहण किया। प्रभार में बासोपट्टी के बीएओ रतीश चन्द्र झा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा की जयनगर, लदनियां एवं खुटौना में बीएओ के पद रिक्त हैं। रिक्ति के मद्देनजर बीएओ की मांग विभाग से की गई है।मांग की पूर्ति होते ही बीएओ का पदस्थापन किया जायगा।

उन्होंने कहा कि 7 सितंबर से 21 दिसम्बर के बीच पंचायतस्तर पर चौपाल का आयोजन किया जाना है। जिसमें किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी दी जा रही है। किसानों को कम लागत में अधिक पैदावार की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि लंबित बीज अनुदान की बकायी राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। राशि उपलब्ध होते ही किसानों के खाते में राशि भेज दी जाएगी।

मौके पर प्रखंड तकनीकी प्रबंधक विजय शंकर कुमार, कृषि समन्वयक रंजीत कुमार रंजन, संजय कुमार बन्धु व किसान सलाहकार देवनाथ यादव समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।