बकाया वेतन का भुगतान करने सहित 7 सूत्री मांगों को लेकर 26 दिसम्बर को डीपीओ स्थापना मधुबनी के कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा


मधुबनी से आशीष झा की रिपोर्ट।

मधुबनी जिला मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय वाटसन के प्रांगण में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ जिला इकाई के बैनर तले बैठक जिला अध्यक्ष संजीव कुमार कामत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नवंबर माह के बकाया वेतन का भुगतान करने, हड़ताल अवधि के बकाया वेतन का भुगतान करने, डीपीई एरियर का भुगतान करने, नव प्रशिक्षित शिक्षकों के बकाया वेतन का भुगतान करने तथा अप्रशिक्षित शिक्षकों के सेवामुक्त करने की कार्रवाई पर रोक लगाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 26 दिसंबर 2020 दिन शनिवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना कार्यालय मधुबनी के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। 
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के प्रधान सचिव अवधेश कुमार झा ने कहा कि आवंटन रहने के बावजूद विभिन्न प्रकार के बहानेबाजी कर विभागीय पदाधिकारी लम्बे समय से शिक्षकों को वेतन भुगतान से वंचित किए हुए हैं। वेतन नही मिलने के कारण शिक्षकों की स्थिति दयनीय हो गई है।

 वर्षों से डीपीई एवं नव प्रशिक्षित शिक्षकों का एरियर बकाया है। मनमानी पूर्ण रूप से अप्रशिक्षित शिक्षकों को सेवामुक्त करने का पत्र जारी किया गया है। शिक्षकों के सभी प्रकार की समस्याओं को लेकर 26 दिसंबर को डीपीओ स्थापना कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने उक्त धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में भारी संख्या में शिक्षकों को भाग लेने का आह्वान किया।

 बैठक को जिला उपाध्यक्ष लीलाधर पासवान, मो नूर आलम राकेश चौधरी, जिला सचिव मीनाक्षी कुमारी मिश्रा, प्रभाष चौधरी, प्रखंड अध्यक्ष देवनारायण यादव, सुनील कुमार पासवान, धीरेंद्र कुमार ,अमरेश कुमार यादव, विजय शंकर चौधरी, राजेंद्र साफी, मो मुजीबूर रहमान ध्रुवानंद, ललित कुमार मिश्र, पन्नालाल पटेल, हृदेश कुमार, विशेश्वर राम सहित दर्जनों संघीय प्रतिनिधियों ने संबोधित किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ