क्राफ्ट विलेज नहीं बनने से नाराज कलाकार करेंगे वोट बहिष्कार

मधुबनी से आशीष फिरोज आलम की रिपोर्ट । जितवारपुर गांव को क्राफ्ट विलेज बनाने की दिशा में लेट-लतीफी को लेकर नाराज ग्रामीण व कलाकारों ने इसबार वोट बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। क्राफ्ट विलेज की घोषणा के बाद इस दिशा में उदासीनता बरते जाने को लेकर ग्रामीणों ने सांसद अशोक यादव और बिस्फी विधायक डॉ. फैयाज अहमद का लापता होने संबंधी बैनर भी गांव में चिपकाया है।

 शनिवार को समाजसेवी विशंभर झा और युवा कलाकारों के नेतृत्व गांव के डाकबंगला पर सैकड़ों की संख्या में कलाकारों ने जितवारपुर गांव को क्राफ़्ट विलेज बनने को लेकर जमकर नारेबाजी की। बैनर पोस्टर के साथ जमकर वोट बहिष्कार से संबंधित नारे भी लगाए। जितवारपुर शिल्प ग्राम नहीं तो वोट नहीं का बड़ा सा बैनर बनाकर मिथिला पेंटिंग से जुड़े शिल्पियों ने जमकर सरकार और प्रशासनिक पदाधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। 

गांव के युवा कलाकारों ने शिल्प ग्राम जितवारपुर में राजनीतिक दलों का आना वर्जित संबंधी बड़ा बैनर भी लगा दिया है। बतादें कि जितवारपुर मधुबनी पेंटिंग कला क्षेत्र में विश्व पटल पर एक अलग पहचान बनाने में अग्रसर रहा है। इस कला का जननी भी जितवारपुर गांव ही रहा है। जिस गांव में तीन पद्मश्री पुरस्कार जो की किसी भी कला या भारत के किसी भी गांव में सबसे अधिक रहा है, 14 राष्ट्रीय  पुरस्कार विजेता, 100 से अधिक राज्य पुरस्कृत कलाकार मौजूद हैं, इसके अलावा 2000 आवादी वाले गांव में करीब 1200 से अधिक कलाकार हैं जो कि इसी कला के माध्यम पर आश्रित हैं। 

ग्रामीण विशंभर झा, अमित कुमार झा, सुदिन झा, बागेश झा, चलितर पासवान, मुकेश पासवान, सुधीरा देवी, इंदू देवी, राजीव कुमार झा, प्रभात कुमार दत्त उर्फ मुन्ना आदि ने कहा कि दो वर्षों से जितवारपुर गांव को अंतर्राष्ट्रीय कलाग्राम घोषित किया जा रहा था। जिस हेतु गांव में व्यपार केंद्र, देशी एवं विदेशी पर्यटक को ठहरने के लिए आवासीय सुविधा, गांव का सड़क एवं अन्य सुविधाओं का व्यवस्था भारत सरकार वस्त्र मंत्रालय द्वारा होना था। 

कई बार दिल्ली से भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। उस समय के तत्कालीन डीएम शीर्षत कपिल अशोक भी गांव का बराबर निरीक्षण करते थे एवं ग्रामीण को हमेशा सांत्वना देते रहे की कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इस संबंध में पूर्व में भी दिल्ली से लेकर बिहार तक के तमाम पदाधिकारियों को गुहार लगाई जा चुकी है।

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ