पवनी में चक्रवात से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे सीओ श्याम सुंदर राय प्रभावितों से बातचीत करते हुए
ख़ुसरू परवेज़ | रोहतास संवाददाता
जिले के नासरीगंज प्रखंड के पवनी गांव में शुक्रवार को दोपहर पूर्व अचानक चक्रवाती तूफान आया। जिसका दायरा लगभग सौ मीटर था। इसकी चपेट में आने से दर्जनों घरों को नुकसान पहुंचा है। कई घरों की छप्पर, छज्जा जहां ध्वस्त हो गये। वहीं पवनी पैक्स गोदाम के अलाव कई घरों के एस्बेस्टस तूफान के साथ उड़कर सैंकड़ों फुट दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शी शिव कुमार, मंटू भुइयां, लाल बहारी, सुभाष, धनौती देवी, रीमा देवी, भगवती देवी और अवधेश सिंह इत्यादि ने बताया कि बवंडर की शक्ल में उठे तूफान से भयानक आवाज भी आ रही थी। और डर के मारे अधिकांश लोग घरों में दुबक गये।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ सेकेंड के लिए आए बवंडर में घरों के ऊपर के एस्बेस्टस और फूस की छप्पर को लोगों ने हवा में पचासों फुट ऊपर उड़ते हुए देखा। उप मुखिया राजू सिंह ने बताया कि दर्जनों लोगों को चक्रवात से नुकसान हुआ है। इधर सूचना पाकर सीओ श्याम सुंदर राय और उपप्रमुख विकास सिंह ने अवसर पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया और प्रभावितों से बात चीत की। मौके पर मुखिया चंदन सिंह, उप मुखिया मंटू तिवारी और समाजसेवी ब्रजेश कुमार उर्फ मंटू सिंह इत्यादि उपस्थित थे।