- विश्वबंधु जी की 96वीं जयंती पर आयोजित हुआ विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल।
- कला, रचनात्मकता और बिहार की सांस्कृतिक विरासत को समर्पित रहा आयोजन।
पटना, 23 नवंबर। प्रख्यात नृत्याचार्य एवं पद्मश्री से सम्मानित गुरु विश्वबंधु जी की 96वीं जयंती के अवसर पर संस्कृति मंत्रालय के सौजन्य से संस्कार भारती तथा सुरांगन संस्था द्वारा 23 से 25 नवंबर तक प्रेमचंद रंगशाला, पटना में आयोजित तीन दिवसीय विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल का शुभारंभ भव्य सांस्कृतिक आयोजन के साथ हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ फिल्म समीक्षक विनोद अनुपम तथा प्रोश्रुति तेतरवे ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य गुरु विश्वबंधु जी के कला क्षेत्र में अप्रतिम योगदान को रेखांकित करना, उनकी विशिष्ट रचनात्मक शैली एवं प्रयोगधर्मिता से नई पीढ़ी को परिचित कराना तथा उनकी कलात्मक विरासत को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वबंधु जी के जीवन और कला यात्रा पर आधारित एक वृत्तचित्र के प्रदर्शन से हुआ। वृत्तचित्र के माध्यम से उनके नृत्य, निर्देशन, रचनात्मक प्रयोगों तथा बिहार की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में उनके योगदान को प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर सुरांगन संस्था के वरिष्ठ कलाकार वैद्यनाथ गुप्ता को डॉ. शांति जैन स्मृति सम्मान तथा युवा नर्तक ओमप्रकाश को विश्वबंधु स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। दोनों सम्मानित कलाकारों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं 11,000 रुपये की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में सर्वप्रथम सुरांगन संस्था के कलाकारों द्वारा नृत्यांजलि प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात गुरु विश्वबंधु जी द्वारा परिकल्पित एवं पद्मश्री डॉ. शांति जैन द्वारा रचित 'बिहार गौरव गान' की प्रभावशाली प्रस्तुति जितेंद्र चौरसिया के निर्देशन में हुई। इस प्रस्तुति के माध्यम से बिहार की सांस्कृतिक अस्मिता, गौरवशाली परंपरा और लोकजीवन को नृत्य एवं संगीत के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया।
महोत्सव की दूसरी प्रमुख प्रस्तुति महाकवि विद्यापति के गीतों पर आधारित नृत्य नाटिका 'अनंत अनुराग' रही। राधा और कृष्ण के प्रेम, विरह एवं मिलन की भावनाओं को समेटे इस नृत्य नाटिका का संगीत सीताराम सिंह ने तैयार किया था। इसका निर्देशन जितेंद्र चौरसिया एवं रुद्र प्रसाद राय ने किया।
नृत्य नाटिका में कृष्ण की भूमिका रुद्र प्रसाद राय तथा राधा की भूमिका देवतुन्या बेरा ने निभाई। इनके अतिरिक्त स्मिता मजूमदार, विशाल कुमार, रूबी कुमारी, अदिति कुमारी, सुहानी कुमारी सहित लगभग 40 कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से प्रस्तुति को जीवंत बनाया।
कार्यक्रम का संचालन किशोर केशव ने किया।
तीन दिवसीय यह महोत्सव गुरु विश्वबंधु जी की रचनात्मक विरासत, भारतीय नृत्य परंपरा और बिहार की सांस्कृतिक पहचान को समर्पित है।





0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.