विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल के दूसरे दिन रामायण की दार्शनिक एवं आध्यात्मिक व्याख्या पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ‘रामायणम्’ ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध




पटना, 24 नवंबर। पद्मश्री गुरु विश्वबंधु जी की 96वीं जयंती के अवसर पर सुरांगन द्वारा प्रेमचंद रंगशाला में आयोजित तीन दिवसीय विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल के दूसरे दिन कोलकाता की कुंडरेली पायल चक्रवर्ती डांस एकेडमी द्वारा नृत्य नाटिका ‘रामायणम्’ की प्रभावशाली प्रस्तुति की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात चिकित्सक डॉ. जितेंद्र सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ कथक नृत्यांगना नीलम चौधरी तथा किलकारी बिहार बाल भवन की निदेशक ज्योति परिहार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।




‘रामायणम्’ की प्रस्तुति में रामायण को केवल एक धार्मिक आख्यान के रूप में नहीं, बल्कि जीवन के गहरे दार्शनिक एवं मानवीय मूल्यों की अभिव्यक्ति के रूप में प्रस्तुत किया गया।




प्रस्तुति की दार्शनिक अवधारणा के अनुसार श्रीराम मर्यादा, धर्म और चेतना के प्रतीक हैं, जबकि सीता धरती की धैर्यशक्ति, त्याग, पवित्रता और आत्मसम्मान की अभिव्यक्ति हैं। हनुमान निःस्वार्थ भक्ति, लक्ष्मण कर्तव्यनिष्ठा और रावण अहंकार के परिणाम का प्रतिनिधित्व करते हैं।




नृत्य नाटिका के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि रामायण का मूल दर्शन केवल अधर्म पर धर्म की विजय नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर चलने वाले सत्य और असत्य, विवेक और अहंकार तथा मर्यादा और मोह के संघर्ष की कथा भी है।




प्रस्तुति में राम को धर्म की मर्यादा और सीता को प्रकृति की सहनशील शक्ति के रूप में अभिव्यक्त किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय, नृत्य एवं भावाभिव्यक्ति के माध्यम से यह दर्शाने का प्रयास किया कि सच्ची महानता सत्ता में नहीं, बल्कि सत्य के प्रति निष्ठा, आत्मसम्मान और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने में निहित है। नृत्य नाटिका का शाश्वत संदेश रहा कि धर्म केवल आचरण नहीं, बल्कि जीवन की चेतना है और वास्तविक विजय अपने भीतर के अहंकार पर विजय प्राप्त करना है।

प्रस्तुति में प्रमुख भूमिकाएँ

राम की भूमिका रुद्र प्रसाद राय, सीता की भूमिका देवतुन्या बेरा, लक्ष्मण की भूमिका चिन्मय पॉल तथा रावण की भूमिका राहुल डे ने निभाई। शूर्पणखा के रूप में स्मिता मजूमदार, जनक के रूप में सौमना बसु, कौशल्या के रूप में प्रीति दास, कैकेयी के रूप में देबप्रिया कर्मकार तथा दशरथ के रूप में दिया चक्रवर्ती ने अभिनय किया।




इसके अतिरिक्त विश्वामित्र मुनि की भूमिका प्रत्युष सेनगुप्ता, ताड़का एवं परशुराम की भूमिका सागरिका ऑड्डी, भरत की भूमिका इंद्राक्षी देबनाथ, स्वर्ण मृग की भूमिका प्राजक्ता भट्टाचार्य, हनुमान की भूमिका सानिया पाचल, शबरी की भूमिका बिपाशा बैद्य तथा वशिष्ठ मुनि की भूमिका जितेंद्र कुमार ने निभाई।

अन्य कलाकारों में तियाशा घोष, आनंदिनी बालियाल, तनिषा रॉय, सुचेता भट्टाचार्य, भव्या सिन्हा, अर्पिता मलाकर, ऐवी नंदी एवं प्राप्ति नंदी शामिल रहीं।





नृत्य नाटिका का निर्देशन, परिकल्पना एवं नृत्य संयोजन रुद्र प्रसाद राय ने किया। सहायक निर्देशन देवतुन्या बेरा का रहा। पटकथा स्मिता मजूमदार एवं रुद्र प्रसाद राय ने लिखी। प्रॉप्स एवं वेशभूषा की जिम्मेदारी देवतुन्या बेरा, स्मिता मजूमदार एवं रुद्र प्रसाद राय ने निभाई। संगीत एस. सरकार तथा प्रकाश परिकल्पना आलोक प्रकाश घोष की रही।

कार्यक्रम का मंच संचालन किशोर केशव ने किया।

विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल के माध्यम से सुरांगन गुरु विश्वबंधु जी की रचनात्मक परंपरा, नृत्य के प्रति उनकी प्रयोगधर्मिता तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ