दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव 'इंद्रधनुष 2026' का आयोजन,हरियाणा, राजस्थान, उड़ीसा, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश तथा बिहार के लोक गीत एवं लोक नृत्यों की दी जा रही प्रस्तुति।




पटना: पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (EZCC), कोलकाता] पश्चिम बंगाल, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NCZCC), प्रयागराज, उत्तर प्रदेश तथा कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 20 – 21 नवम्बर, 2026 को स्थानीय प्रेमचंद रंगशाला, राजेंद्र नगर, पटना में प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव “इंद्रधनुष 2026” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमे हरियाणा, राजस्थान, उड़ीसा, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश तथा बिहार के लोक गीत एवं लोक नृत्यों की प्रस्तुति की जा रही है तथा हस्तशिल्प मेला, खान- पान मेला, पारंपरिक पहनावा प्रदर्शन, चित्रकला कार्यशाला एवं रंगोली प्रदर्शन आदि कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।





इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाना है तथा पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के इस सिग्नेचर फेस्टिवल में भारत के लगभग 400 लोक कलाकार भाग ले रहे हैं। सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता के सहायक अभियंता राजश्री चंद्रा तथा सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता के उपनिदेशक तापस सामंत राय पूरे कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संयोजन हेतु उपस्थित हैं। 




आज दिनांक 20 नवम्बर, 2026 को बिहार के माननीय लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने दीप प्रज्जवलित कर महोत्सव का औपचारिक उदघाटन किया। इसके बाद पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक श्री सुदेश शर्मा द्वारा स्वागत सम्बोधन किया गया। उसके उपरान्त संगीत नाटक अकादमी अवार्ड से सम्मानित एन के नूतन ने दर्शकों को संबोधित किया।




बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री माननीय डॉ. प्रमोद कुमार ने दर्शकों एवं कलाकारों को संबोधित किया, तदुपरान्त बिहार के माननीय राज्यपाल का भाषण तथा कला एवं संस्कृति विभाग की निदेशक श्रीमती रूबी, भा.प्र.से. ने दो दिवसीय "इंद्रधनुष 2026" कार्यक्रम से संबंधित जानकारी साझा की एवं धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके बाद महोत्सव का आरम्भ हुआ।




सभी राज्यों के कलाकारों के द्वारा श्री राजीव कुमार रॉय द्वारा निर्देशित नृत्य प्रस्तुत करके इंद्रधनुषीय द्वारा शुभारंभ हुआ। इसके बाद उत्तर प्रदेश की सुश्री खुशबू पारिक के दल के द्वारा फूल की होली एवं मयूर लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। 





हरियाणा के श्री अंकित शर्मा के दल द्वारा रागिनी, फाग एवं घूमर लोक नृत्य की प्रस्तुति हुई तथा राजस्थान के श्री जगदीश पचारिया के दल द्वारा भवई, घूमर एवं कालबेलिया लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया।





ओडिसा के अरुण कुमार सुना के दल एकतारा कला केंद्र द्वारा संबलपुरी एवं ढाप नृत्यों को पेश किया गया, त्रिपुरा की सुश्री मनु देवबर्मन के दल द्वारा मोमिता एवं होजागिरी नृत्यों का प्रदर्शन किया गया तथा महाराष्ट्र की श्रीमती मोहिनी इयाजरे के दल द्वारा लावणी एवं कोली नृत्यों की प्रस्तुति की गई। साथ ही बिहार के लोक नृत्य एवं लोक गीत प्रस्तुत हुईं।






विशेष आकर्षण के तहत पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दो दिवसीय "एक भारत-श्रेष्ठ भारत" कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत बिहार और त्रिपुरा की भाषा, संस्कृति, परंपरा और खान-पान से जुड़े आदान- प्रदान के कार्यक्रम ने विविधता में एकता का संदेश दिया।




मंच कार्यक्रमों के साथ सायं 5.30 बजे से रंगशाला के बाह्य परिसर के मुक्ताकाश मंच पर उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के दलों के द्वारा लोकगायन, त्रिपुरा के कलाकारों के द्वारा मणिपुरी शास्त्रीय नृत्य तथा उड़ीसा, हरियाणा तथा महाराष्ट्र के लोकनृत्यों की प्रस्तुति की गयी।                   
                                 
कल दिनांक 21- 11- 2026 के कार्यक्रम:-
  • कवि सम्मलेन।
  • सभी दलों का समवेत नृत्य ।
  • हरियाणा, राजस्थान, उड़ीसा, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश तथा बिहार के लोक नृत्य।
  • पारंपरिक परिधान प्रदर्शन आदि।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ