• विभागीय सचिव श्री पंकज कुमार पाल ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
• सभी जिलों में जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में गठित होगी संयुक्त निरीक्षण टीम
• 14 कार्य दिवसों में स्थल निरीक्षण पूरा कर MIS पोर्टल पर रिपोर्ट होगी अपलोड
• गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही- सचिव
पटना, 22 अक्टूबर, 2026। पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में राज्य के सभी स्टेट हाईवे, जिला स्तरीय सड़क, BRPNLL, BSRDCL एवं एनएच के अधीन सड़कों और पुल-पुलियों की वर्तमान स्थिति का सटीक आकलन करने, आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करने हेतु उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि राज्य में पथों का आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई तथा त्वरित मरम्मत हेतु प्रमंडलवार जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संयुक्त निरीक्षण टीम गठित की जाएगी। प्रत्येक टीम में जिलाधिकारी द्वारा मनोनीत प्रतिनिधि एवं विभागीय अभियंता शामिल रहेंगे।
बैठक में सचिव महोदय ने निदेशित किया कि संबंधित कार्यपालक अभियंता अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों की सूची जिला पदाधिकारी को शीघ्र उपलब्ध कराएं। साथ ही, पथवार एवं तिथिवार एक विस्तृत कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगले 14 कार्य दिवसों के भीतर सड़कों का स्थल निरीक्षण कर निर्धारित प्रपत्र में अपनी विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट MIS पोर्टल पर अपलोड करवाएं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्थल निरीक्षण की रिपोर्ट, तस्वीरों और विस्तृत विवरण के साथ MIS पोर्टल पर अपलोड करें। संयुक्त सचिव एवं मुख्य अभियंता को मुख्यालय स्तर से सतत मॉनिटरिंग हेतु निदेशित किया गया।
सचिव महोदय ने बताया कि विभागीय स्तर पर दैनिक अनुश्रवण के लिए एक विशेष डैशबोर्ड भी तैयार किया गया है। संबंधित अभियंताओं को नियमित रूप से अपडेट करने का निदेश दिया गया।
बैठक में OPRMC-III के अंतर्गत हो रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। सचिव ने बताया कि 66 पैकेज का वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है और कार्य तत्परता से शुरू कराया जाया। इन कार्यों की जांच भी नई जांच टीम करेगी। इसके अतिरिक्त पथों की जांच के लिए मोबाइल वैन तथा फ्लाइंग स्क्वाड की टीम भेजने का निर्देश दिया गया। नई तकनीक की मदद से सड़कों के संधारण के लिए AI/ML आधारित सॉफ्टवेयर विकसित किया गया है।
विभागीय सचिव श्री पंकज कुमार पाल ने स्पष्ट किया कि निर्माण व मरम्मत की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्य अभियंता से लेकर कनीय अभियंताओं की जिम्मेदारी तय की जाएगी। यदि निरीक्षण या मरम्मत में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अभियंताओं एवं संवेदकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण, सुदृढ़ीकरण एवं बेहतर रखरखाव के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में विभाग की विशेष सचिव, BRPNLL के चेयरमैन, संयुक्त सचिव, अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से क्षेत्रीय अभियंता उक्त बैठक से जुड़ें।


0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.