'नमस्ते न्यूजीलैंड 2026’ भारतीय संस्कृति और विरासत से जुड़ने का सशक्त माध्यम : डॉ. प्रेम कुमार
अपने न्यूजीलैंड दौरे के क्रम में बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार आज भारतीय महावाणिज्य दूतावास, ऑकलैंड द्वारा श्री स्वामीनारायण मंदिर परिसर, पापाटोएटो में आयोजित "नमस्ते न्यूजीलैंड 2026" सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विदेशों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत केवल एक देश नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं की विरासत है। भारतीय भाषाएं, त्योहार, संगीत, नृत्य, पारिवारिक मूल्य और जीवनशैली हमारी विशिष्ट पहचान हैं। विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के लोग अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए न्यूजीलैंड की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना विशेष रूप से आवश्यक है। भारतीय संगीत, नृत्य, भाषाओं और परंपराओं से जुड़ाव बच्चों और युवाओं में अपनी पहचान और विरासत के प्रति गर्व की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रगति और आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भारत का महावाणिज्य दूतावास, ऑकलैंड भारतीय संस्कृति, भाषाओं और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। ऐसे आयोजन भारत और न्यूजीलैंड के बीच परस्पर संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत और न्यूजीलैंड लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के सम्मान और बहुसांस्कृतिक समाज की भावना में विश्वास रखने वाले मित्र देश हैं। न्यूजीलैंड में रह रहा भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच मैत्री और सहयोग का महत्वपूर्ण सेतु है।
अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने ‘नमस्ते न्यूजीलैंड 2026’ की सफलता के लिए कलाकारों, स्वयंसेवकों, सामुदायिक संगठनों और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं तथा कामना की कि यह आयोजन आने वाले वर्षों में और व्यापक रूप ले तथा भारतीय संस्कृति की विरासत को नई पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बना रहे।
इस अवसर पर ऑकलैंड के महावाणिज्य दूत डॉ. मदन मोहन सेठी , न्यूजीलैंड की माननीय सांसद डॉ. परमजीत परमार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
उप निदेशक
बिहार विधान सभा, पटना

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.