- ऊर्जा सचिव एवं अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक का मुजफ्फरपुर में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण
- हर शहर में “सोलर कॉलोनी” विकसित करने का निर्देश
मुजफ्फरपुर : बिहार के ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री अजय यादव (भा.प्र.से.) ने आज मुजफ्फरपुर जिले में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, ट्रिपिंग में कमी और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुजफ्फरपुर का भ्रमण किया और विद्युत अवसंरचना का स्थलीय निरीक्षण किया।
ऊर्जा सचिव ने बीती रात रात्रि विश्राम के दौरान ही मुजफ्फरपुर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति एवं ट्रिपिंग की स्थिति की समीक्षा की। खबरा पावर सब-स्टेशन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवासीय परिसर एवं लगभग 19.96 एकड़ भूमि के समुचित उपयोग एवं विकास को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए और विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता एवं परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर बल दिया।
भिखनपुरा ग्रिड सब-स्टेशन में ग्रिड की कार्यप्रणाली, तकनीकी समस्याओं, ट्रिपिंग एवं विद्युत हानियों को कम करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा
ऊर्जा सचिव ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (ULA मॉडल) के तहत माधोपुर पंचायत के मुशहरी ब्लॉक में स्थापित रूफटॉप सोलर प्लांट का स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान ही रामदयालु नगर के सिद्धार्थपुरम कॉलोनी में स्थापित दो दर्जन से अधिक रूफटॉप सोलर प्लांट का भी निरीक्षण किया गया। ऊर्जा सचिव ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत इस आवासीय कॉलोनी में बड़ी संख्या में सोलर पैनल लगाने की पहल को सराहनीय बताते हुए अन्य शहरी क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की “सोलर कॉलोनी” विकसित करने की दिशा में कार्य करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया ।
समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मुजफ्फरपुर के सिटी लैब का निरीक्षण कर रिपेयर एवं अन्य आवश्यक कार्यों की जानकारी लेने के बाद ऊर्जा सचिव श्री अजय यादव एवं जिलाधिकारी कुमार गौरव (भा.प्र.से.) द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। निरीक्षण उपरांत जिला सभागार, समाहरणालय, मुजफ्फरपुर में विद्युत अभियंताओं एवं सोलर वेंडरों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस, विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, राजस्व संग्रहण, ट्रिपिंग में कमी, विद्युत हानियों में कमी तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
ऊर्जा सचिव एवं अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ट्रिपिंग में कमी, राजस्व प्रदर्शन में वृद्धि एवं सोलर योजना के लक्ष्यों को मिशन मोड में पूरा करने एवं लक्ष्य प्राप्ति को लेकर योजनाबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिया ।





0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.