पटना, 1 अगस्त: बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सभागार में शनिवार को राज्य की सभी खादी संस्थाओं एवं समितियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. विद्यानंद सिंह, निदेशक, हस्तकरघा एवं रेशम सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री खादी ग्रामोद्योग योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा, योजना की उपलब्धियों का आकलन, आगामी कार्ययोजना (रोडमैप) पर विचार-विमर्श तथा खादी संस्थाओं के समक्ष आने वाली समस्याओं का समाधान तलाशना था। इस दौरान राज्यभर से आए प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव एवं समस्याएं साझा कीं, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. विद्यानंद सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री खादी ग्रामोद्योग योजना राज्य में खादी एवं ग्रामोद्योग को नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजना की सफलता सभी खादी संस्थाओं, बुनकरों, कतिनों एवं बोर्ड के संयुक्त प्रयासों पर निर्भर करती है।
उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा, “हम सभी मिलकर खादी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। खादी संस्थाओं की समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है। आइए, हम सब मिलकर बिहार के बुनकरों और कतिनों को सशक्त बनाएं तथा आत्मनिर्भर और समृद्ध बिहार के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।”
बैठक में खादी संस्थाओं की गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के प्रभावी संचालन, आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने तथा राज्य में खादी के विकास को नई गति प्रदान करने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं राज्यभर की खादी संस्थाओं एवं समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.