भागलपुर–हंसडीहा पथ के लोहिया ब्रिज से NH-80 बायपास तक 3.70 किमी 4-लेन सड़क निर्माण कार्य का हुआ शुभारंभ




भागलपुर। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के विज़न एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में बिहार में आधुनिक एवं सुदृढ़ सड़क अवसंरचना के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पथ निर्माण विभाग के माननीय मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने पथ प्रमंडल, भागलपुर के अंतर्गत भागलपुर–हंसडीहा पथ (SH-19) पर लोहिया ब्रिज से NH-80 बायपास तक 3.70 किलोमीटर लंबे पथ के 4-लेन निर्माण कार्य का कार्यारंभ किया।




केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत क्रियान्वित होने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए ₹50.1738 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान में 7 मीटर चौड़े इस पथ को आधुनिक 4-लेन सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा।




परियोजना के तहत प्रथम 2.50 किलोमीटर में रिजिड पेवमेंट तथा शेष 1.20 किलोमीटर में फ्लेक्सिबल पेवमेंट का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 5 कल्वर्ट, 6.420 किलोमीटर साइड ड्रेन, एक क्रॉस ड्रेन, पूरे 3.70 किलोमीटर में दोनों ओर पेवर ब्लॉक, मीडियन/डिवाइडर तथा 3.70 किलोमीटर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी।




माननीय मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से लोहिया ब्रिज से NH-80 बायपास तक आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। शहर के यातायात दबाव को कम करने के साथ ही भागलपुर की सड़क कनेक्टिविटी और शहरी आधारभूत संरचना को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।





उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार में सड़क एवं पुल-पुलियों का नेटवर्क निरंतर सुदृढ़ हो रहा है और विकास परियोजनाएँ तेजी से धरातल पर उतर रही हैं।

कार्यक्रम में माननीय विधायक श्री रोहित पांडे जी, माननीय विधायक श्री शुभानंद मुकेश जी, माननीय महापौर श्रीमती वसुंधरा लाल जी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री संतोष शाह जी सहित जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्तागण, विभागीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय सम्मानितजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ