लंबित कंडिकाओं के त्वरित निष्पादन के लिए वित्त विभाग को नोडल विभाग बनाने का निर्णय




पटना : आज बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार की अध्यक्षता में लोक लेखा समिति में लंबित कंडिकाओं के निष्पादन के संबंध में लोक लेखा समिति के सदस्यगण, महालेखाकार कार्यालय के पदाधिकारीगण एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक मुख्य भवन स्थित वाचनालय में आयाेजित की गई।

इस बैठक में शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, वाणिज्य–कर विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में लंबित कंडिकाओं के निष्पादन पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। साथ ही, नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक की रिपोर्ट में कई विभागों से संबंधित लंबित उपयोगिता प्रमाण-पत्र पर भी चर्चा हुई। 

माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने कहा कि नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक की रिपोर्ट में उठाई गई आपत्तियों एवं कंडिकाओं का समयबद्ध निष्पादन वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेह प्रशासन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। लंबे समय से लंबित कंडिकाओं के कारणों की पहचान करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

लंबित कंडिकाओं के निष्पादन में तेजी लाने के लिए वित्त विभाग को नोडल विभाग बनाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। वित्त विभाग नोडल विभाग के रूप में सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर लंबित कंडिकाओं की विभागवार समीक्षा करेगा तथा महालेखाकार कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित कर उनके निष्पादन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करेगा। लोक लेखा समिति की बैठक के पूर्व वित्त विभाग द्वारा संबंधित विभाग एवं महालेखाकार (AG) कार्यालय के अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित कराई जायेगी ताकि आपत्तियों एवं लंबित मामलों का आवश्यक परीक्षण कर उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। 

तत्काल यह निर्णय भी लिया गया कि इस बैठक में शामिल सभी नौ विभाग वित्त विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इसी महीने के अंत तक लंबित कंडिकाओं के निष्पादन हेतु महालेखाकार (AG) कार्यालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर लें। शेष सभी विभाग वित्त विभाग द्वारा तैयार कार्ययोजना के अनुसार महालेखाकार (AG) कार्यालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित कंडिकाओं का निष्पादन सुनिश्चित करें।

माननीय अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समिति की अनुशंसाओं का गंभीरतापूर्वक अनुपालन करें। विभागीय अधिकारियों ने माननीय अध्यक्ष को जानकारी दी कि लंबित उपयोगिता प्रमाण-पत्रों के संबंध में मुख्य सचिव के स्तर पर बैठकें हो रही हैं एवं मामलों की समीक्षा कर निष्पादन किया जा रहा है। 

माननीय अध्यक्ष ने अपेक्षा व्यक्त की कि इस बैठक में लिए गये निर्णय से विभिन्न विभागों में लंबित कंडिकाओं के निष्पादन की प्रक्रिया में तेजी आएगी और वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित मामलों के निराकरण तथा सरकारी धन के उपयोग में जवाबदेही एवं वित्तीय अनुशासन को और मजबूती मिलेगी।

बैठक में समिति के माननीय सदस्यों ने लंबित कंडिकाओं के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक सुझाव दिए तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।

इस बैठक में लोक लेखा समिति के माननीय सदस्य सर्वश्री राणा रणधीर, उमेश सिंह कुशवाहा, मनोज कुमार, रत्नेश कुमार, विजय कुमार खेमका, डॉ० कुमार पुष्पंजय एवं सर्वेश कुमार तथा डॉ० संदीप राय, प्रधान महालेखाकार, श्री एच आर श्रीनिवास, अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग, श्री पंकज कुमार, प्रधान सचिव, ग्रामीण विकास विभाग, श्री विनय कुमार, प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग, श्री सत्येंद्र कुमार सिन्हा, राज्य कर विशेष आयुक्त, श्रीमती सीमा त्रिपाठी, सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, श्रीमती रचना पाटिल, सचिव, वित्त ( व्यय) एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों सहित सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

जनसंपर्क पदाधिकारी
बिहार विधान सभा,पटना।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ