बेगूसराय : पथ निर्माण विभाग मंत्री इं. शैलेंद्र कुमार के द्वारा दिनांक 07.06.2026 को बरौनी (बेगूसराय) में NHAI, PIU–बेगूसराय के अधिकारियों के साथ ,₹3936.00 करोड़ की लागत से BOT टोल mode में बनने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग-31/231 के खगड़िया–पूर्णिया खंड की 4-लेनिंग परियोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। यह परियोजना हाल ही में भारत सरकार की कैबिनेट द्वारा स्वीकृत की गई है तथा उत्तर-पूर्व बिहार के समग्र विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक के दौरान एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि परियोजना का अवार्ड अगस्त, 2026 तक किए जाने की संभावना है। यह संतोषजनक है कि परियोजना हेतु लगभग 90 प्रतिशत भूमि पहले से उपलब्ध है, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का मार्ग प्रशस्त होगा। परियोजना की निर्माण अवधि 2.5 वर्ष तथा इसके पश्चात 27.5 वर्ष के अनुरक्षण (Maintenance) का प्रावधान किया गया है।
खगड़िया से पूर्णिया तक इस संपूर्ण परियोजना के विभिन्न तकनीकी एवं संरचनात्मक पहलुओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि इस परियोजना की कुल लंबाई 143.53 किमी है, जिसमें पूर्णिया में 6.73 किमी लंबाई का न्यू बाईपास प्रस्तावित है। परियोजना में कुल 01 इंटरचेंज, 09 फ्लाईओवर, 29 अंडरपास (09 VUP, 10 LVUP एवं 20 SVUP), 03 FOB, 30 बस-बे तथा 08 ट्रक ले-बाय का निर्माण प्रस्तावित है।
इसके अतिरिक्त, कुरसेला में कोशी नदी पर 1090 मीटर लंबाई का 2-लेन मेजर ब्रिज सहित कुल 05 मेजर ब्रिज एवं 06 माइनर ब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। यह भी अवगत कराया गया कि सभी घनी आबादी वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख जंक्शनों को सर्विस रोड से जोड़ा गया है। परियोजना में सर्विस रोड की कुल लंबाई 65 किमी है तथा अंडरपास एवं फ्लाईओवर के साथ कुल 101 किमी लंबाई की स्लिप रोड का प्रावधान किया गया है। इस 4-लेन हाईवे को 100 किमी/घंटा की डिजाइन स्पीड के अनुरूप डिजाइन किया गया है। यातायात सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक संरचनात्मक प्रावधानों पर भी विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
मैंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि स्थानीय जनता की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। इस क्रम में यह भी अवगत कराया गया कि सभी घनी आबादी वाले क्षेत्रों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले सभी प्रमुख जंक्शनों पर पर्याप्त संख्या में सर्विस रोड एवं आवश्यक यातायात प्रबंधन सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।
यह परियोजना क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार, कृषि, उद्योग एवं रोजगार के नए अवसरों के सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके पूर्ण होने के उपरांत खगड़िया, मानसी, महेशखूंट, पसराहा, नारायणपुर, बिहपुर, खरीक, नौगछिया, भागलपुर, कुरसेला, गेड़ाबाड़ी, कटिहार, हरदा, मरंगा एवं पूर्णिया सहित संपूर्ण सीमांचल एवं कोसी क्षेत्र को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सड़क संपर्क प्राप्त होगा। माननीय पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र कुमार ने कहा इस परियोजना से निर्माण के पश्चात खगड़िया से पूर्णिया की दूरी अधिकतम 2 घंटे में पूरी हो जाएगी।
राज्य सरकार एवं भारत सरकार के समन्वय से इस महत्वपूर्ण परियोजना को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने हेतु सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.