पीएम ई-बस सेवा के तहत अगले माह बिहार को मिलेगी 200 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात



  • पीएम ई-बस सेवा के तहत अगले माह बिहार को मिलेगी 200 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात
  • बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार
  • पीएम ई-बस सेवा के तहत राज्य में कुल 400 इलेक्ट्रिक बसों का होगा परिचालन।


पटना। बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पीएम ई-बस सेवा फेज-II के अंतर्गत राज्य में 200 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा इस संबंध में ग्रीनसेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड को लेटर ऑफ अवार्ड जारी किया गया है। एजेंसी का चयन आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया है।

जून माह से शुरू होगा इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन

परिवहन सचिव श्री राज कुमार ने बताया कि योजना के प्रथम चरण में जून माह के प्रथम सप्ताह तक 200 इलेक्ट्रिक बसें आ रही है।इसके उपरांत जून माह के अंतिम सप्ताह तक इन बसों का परिचालन प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार में कुल 400 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन किया जायेगा, जिससे राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई गति एवं मजबूती मिलेगी।

ग्रीनसेल मोबिलिटी करेगी बसों का संचालन एवं रख-रखाव

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक श्री अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जायेगा। ग्रीनसेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 09 मीटर श्रेणी की 200 ई-बसों की आपूर्ति, संचालन एवं रखरखाव किया जायेगा।

ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट मॉडल पर होगा संचालन

योजना के तहत बसों का संचालन ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट (GCC) मॉडल पर किया जायेगा। इन बसों के साथ आवश्यक इलेक्ट्रिक एवं सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर का भी विकास किया जायेगा, ताकि यात्रियों को निर्बाध एवं आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक एवं सुरक्षित सुविधाएं

इन अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बसों में जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरा, पैनिक बटन, डिजिटल सूचना प्रणाली, आरामदायक सीटें एवं दिव्यांगजनों के अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी। इसके साथ ही ई-बसों के परिचालन से प्रदूषण में कमी आयेगी तथा स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

चार्जिंग स्टेशन एवं आधारभूत संरचना का तेजी से हो रहा विकास

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए चार्जिंग स्टेशन, बस डिपो एवं अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

आम नागरिकों को मिलेगी सुलभ एवं किफायती परिवहन सुविधा

इस योजना के लागू होने से आम नागरिकों को सुलभ, सुरक्षित एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से सड़क पर भीड़ एवं प्रदूषण दोनों में कमी आयेगी। राज्य सरकार का उद्देश्य बिहार में आधुनिक एवं पर्यावरण हितैषी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करना है, ताकि लोगों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।

ई-बसों के परिचालन से प्रदूषण में आयेगी कमी

इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन से राज्य में प्रदूषण के स्तर में उल्लेखनीय कमी आयेगी तथा स्वच्छ, हरित एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। डीजल आधारित वाहनों की तुलना में ई-बसें पर्यावरण के लिए अधिक अनुकूल होती हैं, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आयेगी और शहरी क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता बेहतर होगी। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ