- हिंदी पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ, पत्रकार समाज के सजग प्रहरी : डॉ. प्रेम कुमार
- बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने की नवबिहार टाइम्स के सम्मान समारोह की सराहना
गया जी : हिंदी पत्रकारिता दिवस तथा हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी पत्रकारों, संपादकों, संवाददाताओं एवं मीडिया जगत से जुड़े कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि वर्ष 1826 में प्रकाशित हुए हिंदी के प्रथम समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड से प्रारंभ हुई हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली यात्रा आज लोकतंत्र के एक सशक्त स्तंभ के रूप में स्थापित हो चुकी है। पिछले दो सौ वर्षों में हिंदी पत्रकारिता ने समाज में जागरूकता फैलाने, राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने तथा आम जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के मुद्दों को समाज के सामने लाने का सशक्त मंच भी है। पत्रकार समाज के सजग प्रहरी होते हैं, जो सत्य, निष्पक्षता और जनहित के मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नवबिहार टाइम्स द्वारा अपने पत्रकारों एवं संवाददाताओं के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारिता के मूल्यों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पत्रकारों का मनोबल बढ़ाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पत्रकारिता के समक्ष अनेक चुनौतियाँ मौजूद हैं, जिनमें सूचना की विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद उन्हें विश्वास है कि पत्रकार समुदाय सत्यनिष्ठा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बनाए रखते हुए जनसेवा के अपने दायित्व का निर्वहन करता रहेगा।
डॉ. प्रेम कुमार ने इस अवसर पर सम्मानित होने वाले सभी पत्रकारों एवं संवाददाताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने नवबिहार टाइम्स परिवार को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता की दो सौ वर्षों की यह गौरवशाली यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी तथा लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.