- हिन्दी पत्रकारिता से आजादी की लड़ाई को मिली थी मजबूती : कमल किशोर
- हिन्दी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष पूरे होने पर पत्रकारों को किया सम्मानित
औरंगाबाद : हिन्दी पत्रकारिता के गौरवपूर्ण 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नवबिहार टाइम्स की ओर से शनिवार को यहां सत्येन्द्र नगर में हिन्दी पत्रकारिता दिवस-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नवबिहार टाइम्स के सम्पादक कमल किशोर, भूपेन्द्र नारायण सिंह, अजय श्रीवास्तव, संजय सिन्हा, कौस्तुभ किशोर ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर कमल किशोर ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता ने देश की आजादी की लड़ाई को तेज करने और लोगों में राष्ट्र प्रेम जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान हिन्दी समाचार पत्रों ने ब्रिटिश शासन की नीतियों के खिलाफ जनमत तैयार किया और राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं रही बल्कि सामाजिक परिवर्तन और जनजागरण की सशक्त धारा भी रही है।
श्री किशोर ने कहा कि यह सम्मान हिन्दी पत्रकारिता की 200 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को नमन करने के उद्देश्य से प्रदान किया गया है। साथ ही यह पहल पत्रकारिता के मूल्यों को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी के पत्रकारों को प्रेरित करने की दिशा में एक प्रयास है।
कार्यक्रम में औरंगाबाद, पटना, रोहतास, गया, कैमूर, अरवल, जहानाबाद, धनबाद तथा मेदिनीनगर सहित विभिन्न जिलों और अनुमंडलों से आए पत्रकारों ने भाग लिया। इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी जिला प्रमुख, अनुमंडल एवं प्रखंड संवाददाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान हिन्दी पत्रकारिता के इतिहास, उसके संघर्ष, योगदान तथा वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समारोह में हिन्दी पत्रकारिता से जुड़े अनेक वरिष्ठ पत्रकारों और साहित्यकारों के योगदान को भी याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की भूमिका आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी स्वतंत्रता आंदोलन के समय थी। वरीय पत्रकार प्रेमेन्द मिश्र ने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता ही समाज को सही दिशा प्रदान कर सकती है।
इस अवसर पर सम्मानित पत्रकारों ने नवबिहार टाइम्स परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान पत्रकारों को और अधिक जिम्मेदारी तथा समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
मौके पर मुकेश कुमार सिंह, मदन श्रीवास्तव, अटल बिहारी सिंह, अजय वर्मा, राधाकांत देव, पूर्णानंद उपाध्याय, अनिल कुमार, सूरज कुमार, रंजन कुमार, मदन कुमार, शशि तुलस्यान, जितेंद्र कुमार, संदीप कुमार, प्रेम कुमार, डीके यादव, चंदन मिश्र, रंजीत कुमार, अशोक कुमार, अनिल कुमार गिरी, भरत ठाकुर, मिथिलेश कुमार, चितरंजन कुमार, धीरज सिन्हा, ओम प्रकाश शर्मा, राकेश वर्मा आदि पत्रकार मौजूद रहे।




0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.